अब यूपी मे सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर हुए पोस्ट पैड, पहले की तरह एक महीने बाद बिल जमा करेंगे उपभोक्ता : ऊर्जा मंत्री
लखनऊ।। उत्तरप्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आज शक्ति भवन मे अधिकारियों संग बैठक के बाद प्रीपेड स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी को ध्यान मे रखते हुए इस प्रीपेड व्यवस्था को फिलहाल बंद करने का निर्णय किया है। श्री शर्मा ने कहा कि नई तकनीक की अच्छी व्यवस्था थी लेकिन इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी। कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि ‘उपभोक्ता देवो भव:’ और देव को परेशानी हो, यह कैसे देख सकता हूं। इस लिये निर्णय लिया है कि सभी स्मार्ट मीटर अब पोस्ट पेड मीटर की तरह ही काम करेंगे।
विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट /प्रीपेड मीटर से आ रही तकनीकी दिक्कत के मद्देनजर उन्हें बड़ी राहत देने का महत्वपूर्ण निर्णय आज लिया है। जिसके अनुसार अब --
1. सभी उपभोक्ताओं का स्मार्ट मीटर सामान्य/पोस्ट-पेड मीटर की तरह ही कार्य करेगा।
2. अर्थात् प्री-पेड नाम की व्यवस्था समाप्त की जा रही है।
3. जैसे आप पहले मासिक बिल भरते थे वैसे ही महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक का बिल अगले दस दिन में आपको एसएमएस या ह्वाट्सऐप पर भेजा जाएगा।
4. बिल मिलने के बाद दी गई समय सीमा में आप कृपया बिल अवश्य भरें।
5. आपसे यह भी निवेदन है कि अपना फ़ोन नंबर अद्यतन करा लें और बिजली विभाग से आने वाले संदेशों पर ध्यान दें।
6. विभाग को यह भी पुनः निर्देशित किया है कि किसी भी स्थिति में महीने के अंदर बिजली नहीं काटी जाएगी।
7. साथ ही यह भी कहा है कि पिछला बकाया हो तो उपभोक्ता उसको बिल के साथ जमा कर सकता है।







