फायर से सुरक्षा के लिए हर नागरिक फायर की ले अवश्य ट्रेनिंग - मनोज वर्मा
लखनऊ।। एक अच्छे और सुरक्षित समाज के लिए हर नागरिक को फायर और उससे फाइटिंग करने की जानकारी होना बहुत जरूरी है। ये बात लखनऊ सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने एक ट्रेनिंग के समापन अवसर पर कही।
गौरतलब है कि महानगर सेक्टर ए स्थित अनुभव दृष्टि हॉस्पिटल में गत 15 अप्रैल से नागरिक सुरक्षा और अग्नि शमन की ट्रेनिंग चल रही थी, जो रविवार को समाप्त हो गई। जिसमें हॉस्पिटल के डॉक्टर सहित 27 कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। डिप्टी चीफ वार्डेन गुरप्रीत सिंह सेठी के कर कमलों से सफल प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन राष्ट्रपति पदक से अलंकृत लखनऊ सिविल डिफेंस के वरिष्ठ अधिकारी मनोज वर्मा ने फायर का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दरमियान हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने पेट्रोल की आग और लकड़ी की आग को क्रमशः कम्बल और रासायनिक उपकरण ड्राई केमिकल पाउडर से बुझाने का अभ्यास किया। जिसके बाद सभी ने गैस सिलेंडर में लगी आग को बाल्टी से ढककर (स्मुद्रिग विधि) काबू करने का तरीका सीखा और खुद में निपुणता लाने के लिए कई अभ्यास भी किए।
वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक रेखा पांडेय ने सिविल डिफेंस की जरूरत पर प्रकाश डाला और कहा कि युद्ध की संभावनाओं के मद्देनजर हर व्यक्ति को सिविल डिफेंस से जुड़ना चाहिए, जिससे हमारा देश मजबूत होगा। डिप्टी चीफ वार्डेन गुरप्रीत सिंह सेठी ने अस्पताल प्रशासन से समय समय पर इस तरह की एक्टिविटी कराते रहने का अनुरोध किया।
अंत में हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ हेमंत कुमार और डॉ ललिता कुमार ने सिविल डिफेंस के अधिकारियों का आभार प्रकट किया और ये आश्वासन दिया कि भविष्य में भी समय समय पर हॉस्पिटल के द्वारा सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।







