Breaking News

बेल्थरा रोड तहसील में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 66,279 नाम कटे

 






बेल्थरा रोड (बलिया)।।तहसील बेल्थरा रोड में शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अंतिम प्रकाशन किया गया। इस दौरान तहसील क्षेत्र में कुल 3,69,721 मतदाताओं की सूची में व्यापक संशोधन करते हुए 66,279 नामों को हटाया गया, जो इस क्षेत्र में अब तक की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शरद चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई अपात्र, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूची से विलोपित करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे आगामी चुनाव निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

इस पुनरीक्षण कार्य में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), सुपरवाइजर, तहसील प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग के सभी सक्षम अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही। घर-घर सत्यापन, दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा अभिलेखों के मिलान के बाद अंतिम सूची तैयार की गई।



वहीं, पूर्व में संचालित एसएआर (Special Summary Revision) अभियान के दौरान एसडीएम शरद चौधरी द्वारा किए गए कार्यों की भी क्षेत्र में व्यापक सराहना सुनने को मिली। स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उन्होंने लगातार कड़ी मेहनत करते हुए पूरी प्रक्रिया को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संचालित किया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।

अंतिम प्रकाशन के अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे और प्रक्रिया का अवलोकन किया।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि सूची को और अधिक सटीक बनाया जा सके।