बलिया में मेडिकल बाईपास कॉरिडोर को मंजूरी, ₹35.23 करोड़ स्वीकृत पर आनंद सिंह ने परिवहन मंत्री के प्रति जताया आभार
बलिया।। बलिया केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोशिएशन के अध्यक्ष ने अपने निज आवास विजयीपुर पर मेडिकल की स्वीकृति कराने पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह जी के प्रति आभार प्रकट करते हुए बताया कि इसको लेकर विजयीपुर वासीयों में हर्ष और उल्लास है। कहा कि इसके बनने से बलिया के साथ साथ हमारे मुहल्ले का भी चौमुखी विकास हो जायेगा । मेडिकल बाईपास करिडोर जनपद बलिया में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। प्रदेश सरकार ने मेडिकल बाईपास कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी दे कर बलिया के विकास को और मजबूत करने का काम किया है । सूच्य हो कि एनएच-31 के माल्देपुर मोड़ से हैबतपुर होते हुए जिला महिला अस्पताल तक प्रस्तावित इस मार्ग के निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए कुल ₹35.23 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रस्ताव पर आधारित इस परियोजना के तहत न केवल नई सड़क का निर्माण किया जाएगा, बल्कि मौजूदा मार्ग को भी चौड़ा और मजबूत किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में परियोजना के लिए ₹1.73 करोड़ की प्रारंभिक धनराशि भी जारी की है, जो राज्य सड़क निधि से उपलब्ध कराई जाएगी।परियोजना के पूरा होने पर जिला महिला अस्पताल तक पहुंच आसान होगी और शहर में बढ़ते यातायात दबाव से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि यह योजना परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और रोड के किनारे पर तमाम लोगों को रोजी रोटी और रोजगार उपलब्ध होगा ।







