Breaking News

अग्निकांड मे झूलसे पिता पुत्री के इलाज के लिये एसडीएम और लेखपाल संघ ने दी 30 हजार की आर्थिक सहायता, हो रही है मानवीय पहल की सराहना

 



बिल्थरा रोड बलिया।। हल्दीरामपुर छपिया में हाल ही में लगी भीषण आग से प्रभावित परिवार के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से झुलसे बेचन राजभर (पुत्र राम लक्ष्मण राजभर) एवं उनकी पुत्री कंचन राजभर का इलाज जारी है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

इसी बीच उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष निलेश दीपू के आवाहन पर प्रशासन और समाज ने सराहनीय संवेदनशीलता दिखाई।

एसडीएम शरद चौधरी द्वारा ₹5,000 की व्यक्तिगत सहायता दी गई, वहीं लेखपाल संघ द्वारा ₹25,000 का सहयोग प्रदान किया गया। इस प्रकार कुल ₹30,000 की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को सौंपी गई।

यह सहयोग ऐसे समय में मिला है जब परिवार को इलाज और दैनिक जरूरतों के लिए पैसों की सख्त आवश्यकता थी। इस मदद से इलाज की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में काफी सहूलियत मिलेगी और परिवार को मानसिक संबल भी प्राप्त हुआ है।

नगर अध्यक्ष निलेश दीपू ने इस मानवीय पहल के लिए एसडीएम शरद चौधरी एवं लेखपाल संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन और समाज का एक साथ खड़ा होना इंसानियत की सच्ची मिसाल है। उन्होंने अन्य सक्षम लोगों से भी आगे आकर पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की।यह पहल समाज में सहयोग और संवेदना की भावना को और मजबूत करने का कार्य कर रही है।