हिंदुस्तान ओलंपियाड में सनबीम स्कूल बलिया के मेधावियों का दबदबा, जिला स्तर पर रचा इतिहास
बलिया।। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, इसे एक बार फिर सच कर दिखाया है बलिया स्थित सनबीम स्कूल के विद्यार्थियों ने।हिंदुस्तान ओलंपियाड 2025' में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का परचम लहराते हुए जिले में सर्वाधिक स्थान प्राप्त किए हैं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 28 छात्रों ने जिला स्तर पर सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया है।
बता दें कि हिंदुस्तान समाचार पत्र समूह द्वारा आयोजित इस वार्षिक ओलंपियाड में कक्षा 3 से लेकर 12वीं तक के कुल 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता का मुख्य केंद्र तार्किक क्षमता, गणित, सामान्य ज्ञान, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषय रहे। कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद सनबीम के छात्रों ने न केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि सामूहिक रूप से ₹57,600 का नकद पुरस्कार भी अपने नाम किया।
मेधावियों की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने कहा कि *यह सिर्फ छात्रों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का फल है कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि विगत चार वर्षों से लगातार विद्यालय के विद्यार्थी इस ओलंपियाड में प्रतिभाग करते हैं और सफलता प्राप्त करते हैं ।*
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ अर्पिता सिंह ने कहा कि *इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों में प्रतिस्पर्धी भावना जगाती हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।* उन्होंने कहा कि हमारे विद्यालय का उद्देश्य ही विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान देने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों द्वारा उनके बौद्धिक स्तर को विकसित करना है ताकि बच्चा भविष्य में आने वाली विभिन्न चुनौतियों के तैयार हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी और अपने विद्यालय के शिक्षकों को उनके सतत कर्तव्यबद्ध रहने के लिए आभार ज्ञापित किया।







