श्रद्धा, भक्ति और संवेदना का संगम: मानस कॉलोनी में अखंड रामचरितमानस यज्ञ संपन्न
बेल्थरा रोड (बलिया):मानस कॉलोनी वार्ड नंबर 4 में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सामूहिक अखंड रामचरितमानस यज्ञ एवं राम जन्मोत्सव कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। शुक्रवार को विधिवत पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
शनिवार को आरती के उपरांत अखंड पाठ एवं यज्ञ का समापन विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से ओत-प्रोत रहा।
सभासद निलेश दीपू ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और सर्वजन कल्याण के लिए आवश्यक होते हैं। उन्होंने नगर की सुख-शांति एवं सुरक्षा के लिए भी इस प्रकार के आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं मोहन सिंह वर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सौहार्द और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से हम सभी लोगों का समग्र कल्याण होता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार होता है।
इस वर्ष कॉलोनी से जुड़े दो लोगों—अनीता देवी (पत्नी माखन मद्धेशिया) एवं अमरनाथ मद्धेशिया—के दुखद निधन के कारण कार्यक्रम की भव्यता पूर्व वर्षों की अपेक्षा कम रही। पिछले वर्षों में इस अवसर पर संगीतमय कथा और भव्य भंडारे का आयोजन होता था, लेकिन इस बार शोक के कारण यह संभव नहीं हो सका। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दोनों दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में नवल मद्धेशिया, सत्यम मद्धेशिया, शुभम, दुर्गेश वर्मा, आदित्य, सुजीत, निलेश दीपू, मोहन सिंह वर्मा, पवन वर्मा, बबलू (ग्रीन प्लाई) सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।













