पिवकोल–सलेमपुर–लाररोड डबल लाइन का सुरक्षा निरीक्षण सम्पन्न
वाराणसी।।पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में पिवकोल–सलेमपुर–लाररोड (14.51 किमी) रेलखंड के दोहरीकरण व विद्युतीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने विस्तृत सुरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लाररोड, सलेमपुर और पिवकोल स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, वीडीयू पैनल, रिले रूम, समपार फाटक, पुल-पुलिया व यात्री सुविधाओं की गहन जांच की गई। साथ ही मोटर ट्रॉली से पूरे रेलखंड का निरीक्षण करते हुए ट्रैक, ब्रिज और ओवरहेड लाइन की स्थिति परखी गई।
अंत में ओएमएस स्पेशल ट्रेन से 127 किमी/घंटा की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल भी किया गया। रेलवे के अनुसार, इस परियोजना से पूर्वी उत्तर प्रदेश में रेल यातायात की गति, क्षमता और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और तेज सेवा मिल सकेगी।








