Breaking News

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद की अष्टम बोर्ड बैठक सम्पन्न :लगभग 300 करोड़ रु0 के कार्यों को स्वीकृति, ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास

 



 तीर्थ स्थलों के संरक्षण तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंजूर

 ब्रज क्षेत्र भारत की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परम्परा का अत्यन्त महत्वपूर्ण केन्द्र : मुख्यमंत्री 


लखनऊ : 07 मार्च, 2026।।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि ब्रज क्षेत्र भारत की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परम्परा का अत्यन्त महत्वपूर्ण केन्द्र है। प्रदेश सरकार यहाँ की परम्परा और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। तीर्थ स्थलों के संरक्षण के साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आधारभूत ढांचे के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे ब्रज क्षेत्र की पहचान और अधिक सुदृढ़ होगी तथा यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ प्राप्त हो सकेंगी।

मुख्यमंत्री जी आज जनपद मथुरा स्थित वृन्दावन में गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में आयोजित उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की अष्टम बोर्ड बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में लगभग 300 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, तीर्थ स्थलों के संरक्षण तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में मथुरा-वृन्दावन रेल मार्ग के 11.80 किलोमीटर लम्बे ट्रैक को 4-लेन मार्ग में विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी ने लोक निर्माण विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद तथा जिला प्रशासन को रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर भूमि अथवा भूमि मूल्य से सम्बन्धित आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पॉड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की व्यवहारिकता का अध्ययन किया जाए। उन्होंने ब्रज की प्रसिद्ध 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए सम्बन्धित विभागों को कार्ययोजना तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में गोवर्धन, मथुरा और वृन्दावन में पार्किंग, टी0पी0ओ0 तथा अन्य जनसुविधाओं को विकसित करने के लिए चिन्हित भूमि पर पी0पी0पी0 मॉडल के तहत कार्य कराने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री जी ने छाता क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में प्रस्तावित वॉटर म्यूजियम के लिए चिन्हित भूमि को सिंचाई विभाग से परिषद को हस्तान्तरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी ने ब्रज क्षेत्र में 36 वनों के ईको-रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए आगामी वर्षा ऋतु में वन महोत्सव के दौरान व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अभियान में जल संरक्षण, खारे पानी के उपचार तथा जनसहभागिता को भी शामिल करने पर बल दिया। बैठक में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अन्तर्गत विकसित होने वाली हेरिटेज सिटी पर भी चर्चा हुई।

बैठक में यमुना रिवरफ्रण्ट परियोजना के अन्तर्गत मथुरा से वृन्दावन के बीच जलमार्ग विकसित कर पी0पी0पी0 मॉडल पर क्रूज और नौका संचालन शुरू करने की योजना पर भी सहमति बनी। मुख्यमंत्री जी ने गोवर्धन स्थित पारसौली में सूरदास ब्रज अकादमी के संचालन के लिए आवश्यक कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी ने परिषद की वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करते हुए कहा कि परिषद द्वारा अनुमोदित परियोजनाओं के बजट में किसी प्रकार की कटौती न की जाए और उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। नगर निकायों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छता, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने जल निगम और नगर निगम द्वारा एस0टी0पी0, एस0पी0एस0 तथा पम्पिंग स्टेशन के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कर यमुना नदी में प्रदूषण कम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से विभिन्न विभागों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृन्दावन सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। 

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों के अनुसार मथुरा-वृन्दावन रेल ट्रैक के स्थान पर 11.80 किलोमीटर लम्बा 4-लेन मार्ग विकसित करने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। ब्रज की 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए लोक निर्माण विभाग और धर्मार्थ कार्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मथुरा, वृन्दावन और गोवर्धन में पार्किंग तथा अन्य जनसुविधाओं का विकास पी0पी0पी0 मॉडल के माध्यम से किया जाएगा। 

यमुना नदी में मथुरा से वृन्दावन के बीच जलमार्ग विकसित कर क्रूज और नौका संचालन की योजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही, ब्रज क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए 36 वनों के ईको-रेस्टोरेशन और व्यापक वृक्षारोपण अभियान को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा छाता क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में प्रस्तावित वॉटर म्यूजियम के लिए चिन्हित भूमि को सिंचाई विभाग से परिषद को हस्तान्तरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करायी जाएगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डोनेशन मैनेजमेण्ट डिजिटल सिस्टम का शुभारम्भ किया।

मथुरा भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली खेली। मुख्यमंत्री जी ने गीता शोध संस्थान के निर्माणाधीन स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया। उन्होंने अन्नपूर्णा भवन की पाकशाला का अवलोकन किया तथा भोजन हेतु लोगों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।

     मुख्यमंत्री जी ने मथुरा के थाना पर्यटन में आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। यह थाना अपराध नियंत्रण के साथ-साथ तीर्थयात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा और सहायता प्रदान करने के लिए एक अत्याधुनिक केन्द्र के रूप में कार्य करेगा।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।