बैरिया विधानसभा के विद्यार्थियों को मिला प्रेरणादायी संदेश,आईटीआरएस निर्भय नारायण सिंह ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
डॉ सुनील कुमार ओझा
बलिया।। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी पहल के तहत आईटीआरएस अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने वीडियो संदेश के माध्यम से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। यह संदेश विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए है जो प्रतियोगी परीक्षाओं, बोर्ड परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा की तैयारी में जुटे हैं।
अपने वीडियो संदेश में श्री सिंह ने कहा कि विद्यार्थी जीवन संघर्ष, अनुशासन और निरंतर परिश्रम की कसौटी होता है। उन्होंने बैरिया विधानसभा के छात्रों से आह्वान किया कि वे सीमित संसाधनों या कठिन परिस्थितियों से निराश न हों, बल्कि उन्हें अपनी सफलता की सीढ़ी बनाएं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो सफलता अवश्य मिलती है।
श्री सिंह ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का राष्ट्र निर्माता है, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का भी विकास जरूरी है। उनका यह संदेश विद्यार्थियों के बीच तेजी से साझा किया जा रहा है और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है।
बैरिया विधानसभा क्षेत्र के शिक्षकों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में उच्च पद पर कार्यरत व्यक्तित्व द्वारा दिया गया ऐसा संदेश छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। विद्यार्थियों ने भी इसे मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।



