मुख्यमंत्री ने जंगल कौड़िया में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण/मरम्मत कार्य का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
शिवरात्रि शुभ का प्रतीक, शिवरात्रि के एक दिन पूर्व विकास खण्ड जंगल कौड़िया में पुनर्निर्मित खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय का उद्घाटन हो रहा : मुख्यमंत्री
जब मन में विकास के भाव तथा नीयत साफ होती, तो परिणाम अच्छे आते, प्रदेश सरकार राज्य का चहुंमुखी विकास कर रही
गोरखपुर में बंद फर्टिलाइजर कारखाना पुनः संचालित, यहां एम्स की स्थापना हो चुकी,बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो रहीं
इस क्षेत्र में सरकार द्वारा फॉरेस्ट्री एवं हॉर्टीकल्चर विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा, इस विश्वविद्यालय में यहां के युवाओ को जो डिग्री मिलेगी, वह शत-प्रतिशत नौकरी की गारण्टी से युक्त होगी
लखनऊ : 14 फरवरी, 2026।।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिवरात्रि शुभ का प्रतीक मानी जाती है। शिवरात्रि के एक दिन पूर्व विकास खण्ड जंगल कौड़िया में पुनर्निर्मित खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय का उद्घाटन हो रहा है। आज गोरखपुर में प्रत्येक ओर विकास हो रहा है। जब गोरखपुर विकास करता है, तो हमें बहुत अच्छा लगता है। प्रदेश सरकार राज्य का चहुंमुखी विकास कर रही है। जब मन में विकास के भाव तथा नीयत साफ होती है, तो परिणाम अच्छे आते हैं। विकास तब होता है जब सरकार में कार्य करने की दृढ़ इच्छा होती है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोरखपुर के विकास खण्ड जंगल कौड़िया में खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण/मरम्मत कार्य के लोकार्पण के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विकास खण्ड परिसर में पौधरोपण भी किया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में गरीबों को आवास, शौचालय, राशन, आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत प्रतिवर्ष 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर, वृद्धजन, निराश्रित तथा दिव्यांगजन को पेंशन की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर में बंद फर्टिलाइजर कारखाना पुनः संचालित हो गया है। यहां एम्स की स्थापना हो चुकी है। बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज की स्थिति सुधर गयी है। जहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। पिपराइच में चीनी मिल सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। धुरियापार में कम्प्रेस्ड बायोगैस का प्लाण्ट लगाया गया है। गीडा में ढेर सारे उद्योग लग चुके हैं। जंगल कौड़िया के विकास में सम्मिलित सभी जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री जी ने जंगल कौड़िया के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्व0 श्री रामपति यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने लम्बे समय तक ब्लॉक प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दी। उन्होंने सहजता के साथ सम्पूर्ण ब्लॉकवासियों को जोड़ते हुए यहां कार्य किया। वह वर्ष 1952 से ही गोरखपीठ से जुड़े थे। जब वर्ष 1962 में श्री रामपति यादव यहां के ब्लॉक प्रमुख बने, तब यह ब्लॉक मुख्यालय बना था।
श्री बृजेश यादव ने ब्लॉक निधि तथा मनरेगा, जिसका वर्तमान नाम ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ हो चुका है, का उपयोग करते हुए सवा करोड़ रुपये की लागत से यहां के क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों व ग्राम प्रधानों के लिए 100 से अधिक व्यक्तियों की क्षमता वाले सभागार का निर्माण कराया है। एयरकण्डीशनर और सोलर पैनल से युक्त सभागार में भीषण गर्मी में भी शीतलता का अनुभव होगा। धन का सदुपयोग विकास कार्यां के लिए कैसे किया जाना चाहिए, यह उसका एक उदाहरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विगत समय में गोरखपुर के भरोहियां ब्लॉक का लोकार्पण किया गया था। वह ब्लॉक आज विकास के नए सोपान प्राप्त कर रहा है। जन आकांक्षाओं की पूर्ति का माध्यम बन रहा है। वहां के ब्लॉक प्रमुख भी लगातार विभिन्न प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन और क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र में वह सब कुछ हो रहा है, जिसकी पहले लोग कल्पना भी नहीं कर पाते थे। पहले कोई नहीं सोचता था कि कालेसर से जंगल कौड़िया बाईपास द्वारा जुड़ेगा, आज यह वास्तविकता है। यहां से तीन घण्टे में लखनऊ तथा आधे घण्टे में कुशीनगर पहुंचा जा सकता है। जंगल कौड़िया में पूज्य महाराज जी के नाम से एक डिग्री कॉलेज भी बन चुका है। इस डिग्री कॉलेज में 02 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इस महाविद्यालय में खेल का मैदान तथा स्टेडियम की व्यवस्था की गयी है। जहां कुश्ती सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करायी जाती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस क्षेत्र में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के कार्य किए गए हैं। यह सभी कार्य सरकार की प्राथमिकता में सम्मिलित हैं। सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। कृषि क्षेत्र में केमिकल, पेस्टीसाइड आदि के उपयोग के कारण गिद्धों की संख्या में हो रही कमी के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा कैम्पियरगंज में एक जटायु संरक्षण केन्द्र बनाया गया है। जहां गिद्धों को संरक्षित कर जंगल में छोड़ा जायेगा। गिद्ध भगवान विष्णु की सवारी है। भगवान विष्णु हमारे पालनकर्ता है। उनकी सवारी को सम्मान देने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस क्षेत्र में सरकार द्वारा फॉरेस्ट्री एवं हॉर्टीकल्चर विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस विश्वविद्यालय में यहां के युवाआें को जो डिग्री मिलेगी, वह शत-प्रतिशत नौकरी की गारण्टी से युक्त होगी। आज दुनिया में सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण की है। जब प्रदूषण नहीं होता है, तो पर्यावरण स्वच्छ रहता है। प्रदूषित पर्यावरण फेफड़े को खराब करता है, श्वास लेने में कठिनाई और आंखों में जलन होती है। डॉक्टरों द्वारा दमा रोगियों, वृद्धजनों एवं बच्चों को बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम सौभाग्यशाली है कि हमारे यहां विकास कार्य हो रहे हैं, लेकिन दमघोटू वातावरण नहीं है। यहां निर्मित होने वाला वानिकी विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने, वनाच्छादन तथा किसानों की आमदनी बढ़ाने में सहायक साबित होगा। कार्यक्रम को कैम्पियरगंज के विधायक श्री फतेह बहादुर सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।








