Breaking News

कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस का प्रचंड प्रदर्शन, शंकराचार्य के अपमान पर भड़के कार्यकर्ता :यूपी सरकार को बर्खास्त करने की मांग

 







​बलिया।। जनपद में आज जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर 'हल्ला बोल' किया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को एक तीखा मांग पत्र सौंपा।


          क्या है पूरा मामला?


​कांग्रेस का आरोप है कि माघ मेले के दौरान ज्योतिष्पीठ के परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज और उनके शिष्यों (वटुकों) के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया. मांग पत्र में इसे 'सनातन धर्म' को मानने वालों की आस्था पर गहरी चोट बताया गया है.


सरकार पर गम्भीर आरोप लगाते हुए अपने ​ज्ञापन में कांग्रेस ने सीधे तौर पर यूपी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यूपी पुलिस द्वारा शंकराचार्य जी को अपमानित करने का कुटिल प्रयास किया गया. सरकार और उसके संरक्षण में पल रहे कुछ लोगों द्वारा पूज्य महाराज जी के चरित्र पर लांछन लगाने की घृणित साजिश रची जा रही है. ज्ञापन में सरकारी संतों और उनके कथित 'माफिया शिष्यों' द्वारा महाराज जी के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया गया है.


प्रमुख मांग: "बर्खास्त हो यूपी सरकार"


​कांग्रेस ने कड़े शब्दों में मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की संवैधानिक पीठ से न्यायिक जांच कराई जाए. साथ ही, संतों के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से की है।