पत्रकार की मृत्यु के बाद अस्पताल परिसर में रोष, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
गोरखपुर।। बांसगांव क्षेत्र में हुए विवाद में घायल पत्रकार अग्निवेश सिंह के निधन की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में पत्रकार वहां पहुंच गए और पूरी चिकित्सीय व कानूनी प्रक्रिया पर नजर रखी।
अग्निवेश सिंह, जो गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब से जुड़े थे, कुछ दिन पूर्व नाली को लेकर हुए विवाद में घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी रही और अंततः उनका निधन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य अस्पताल पहुंच गए।
मौजूद पत्रकारों की निगरानी में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई और पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिलकर चिकित्सकीय परीक्षण के लिए विशेषज्ञ टीम गठित करने की मांग की, जिस पर तत्काल कदम उठाया गया।
अस्पताल परिसर में जुटे पत्रकारों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि पहले की शिकायतों पर समय रहते ठोस कदम उठाए गए होते तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।
इस घटना के बाद पत्रकार समुदाय में गहरा दुख और आक्रोश है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो आगे सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।






