एनसीसी परीक्षा देकर लौट रही युवती से चलती ट्रेन में दुष्कर्म का आरोप, टीटीई फरार
गोरखपुर।। अहमदाबाद से गोरखपुर आ रही एक्सप्रेस ट्रेन में टिकट परीक्षक पर एक युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। घटना रविवार शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब ट्रेन इंदारा और देवरिया स्टेशन के बीच चल रही थी। शिकायत के बाद जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है और गोरखपुर में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है। वह एनसीसी की ‘सी’ प्रमाणपत्र परीक्षा देकर लौट रही थी। स्टेशन पर भीड़ अधिक होने के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और ट्रेन में सवार हो गई। आरोप है कि यात्रा के दौरान टिकट जांच करते समय टीटीई ने उससे पूछताछ की और सीट उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर एसी प्रथम श्रेणी के केबिन में ले गया।
युवती का कहना है कि केबिन में पहुंचने के बाद दरवाजा अंदर से बंद कर उसके साथ जबरदस्ती की गई। विरोध करने पर बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई की धमकी दी गई। बाद में उसने डायल 112 पर सूचना दी। बताया जाता है कि देवरिया स्टेशन पहुंचने से पहले आरोपी ट्रेन से उतरकर चला गया।
गोरखपुर पहुंचने पर युवती ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। घटनास्थल देवरिया क्षेत्र में होने के कारण मामला वहां भेजा गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



