बीआरडी ट्रॉमा सेंटर में ड्यूटी के दौरान विवाद, इंटर्न डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के बीच हाथापाई
गोरखपुर।।गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रॉमा इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार दोपहर कार्य के दौरान उत्पन्न हुआ विवाद अचानक झड़प में बदल गया। दवा वितरण की प्रक्रिया को लेकर शुरू हुई बहस ने कुछ ही देर में तनावपूर्ण रूप ले लिया, जिससे वार्ड में मौजूद मरीजों और तीमारदारों के बीच हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार सर्जरी विभाग से संबद्ध एक इंटर्न डॉक्टर आपातकालीन मरीज के लिए इंजेक्शन लेने ट्रॉमा वार्ड पहुंचा था। नर्सिंग कर्मियों ने दवा निर्गमन की निर्धारित प्रक्रिया और अभिलेख दर्ज करने की अनिवार्यता का हवाला देते हुए तत्काल आपूर्ति पर आपत्ति जताई। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि देखते ही देखते अन्य इंटर्न भी वहां आ गए और माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसमें कुछ नर्सिंग कर्मियों को चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति संभाली। थोड़ी देर के लिए आपातकालीन सेवाओं की रफ्तार प्रभावित हुई, हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कामकाज सामान्य कर दिया गया। एहतियातन ट्रॉमा सेंटर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
कॉलेज प्रशासन ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. शिल्पा वहिकर ने बताया कि तथ्यों की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। संबंधित पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
इस घटना ने अस्पतालों में ड्यूटी समन्वय और कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सेवा सर्वोपरि है और अनुशासन भंग करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।





