04 फरवरी को विशेष अभियान, मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
बलिया।। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 4 फरवरी को विशेष अभियान की तिथि नियत की गई है। इस दिन जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं एवं आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने-अपने बूथ पर समय से पहुंचकर प्रकाशित निर्वाचक नामावली में अपने तथा अपने परिवार के पंजीकृत सदस्यों के नामों की जांच कर लें। यदि नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित कोई दावा या आपत्ति हो तो उसे निर्धारित अवधि में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची का उपयोग किया जा सके।



