नही रहे बलिया के वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार उपाध्याय, जनपद के पत्रकारिता जगत मे फैली शोक की लहर, आज होगा अंतिम संस्कार
बलिया।। जनपद मे पत्रकारिता जगत के वट-वृक्ष के रूप में ख्यातिलब्ध दैनिक जागरण के पूर्व जिला प्रबंधक पं प्रमोद उपाध्याय का निधन बुधवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे नई दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में कैंसर के इलाज के दौरान हो गया। वह 70 वर्ष के थे। पं प्रमोद उपाध्याय के निधन की जानकारी मिलते ही चहुंओर शोक की लहर दौड़ गई। विकास खंड सोहांव के सरयां गांव निवासी पं प्रमोद उपाध्याय का वर्तमान प्रवास नगर के चंद्रशेखर नगर कालोनी में है । पत्रकारिता जगत में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले पं प्रमोद उपाध्याय का पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर तथा पूर्व रेलमंत्री छोटे लोहिया पं जनेश्वर मिश्र से भी करीबी रिश्ते थे। जनपद के राजनीतिक व प्रशासनिक अमले में उनकी स्थिति काफी मजबूत थी। दैनिक जागरण को बलिया मे सर्वाधिक बिकने वाला अख़बार बनाने वाले स्व उपाध्याय की अपने जमाने मे तूती बोलती थी। जिले के प्रशासनिक अधिकारी दैनिक जागरण कार्यालय पर दरबार जरूर लगाते थे। इनके निधन से निश्चित रूप से पत्रकारिता और पत्रकारों को हमेशा शीर्ष पर देखने की इच्छा रखने वाले आदर्शवान पत्रकार की क्षति हमेशा सालती रहेगी।
पत्रकारिता जगत से अवकाश प्राप्ति के बाद उनकी इच्छा थी कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी बेहतरीन शिक्षा से वंचित नहीं रहे, इसलिए उन्होंने सागरपाली से सटे पकड़ी गांव में विहान विद्यापीठ विद्यालय की स्थापना की। हिन्दी दैनिक विहान के संपादक अजय कुमार उपाध्याय ‘बबुआ जी’ उनके अनुज हैं। प्रमोद उपाध्याय का पार्थिव शरीर दिल्ली से बलिया चंद्रशेखर नगर उनके आवास पर लाया जा रहा है। गुरुवार को उनके पैतृक गांव सरयां (उजियार भरौली) गंगा तट पर अंतिम संस्कार होगा। शोक संवेदना प्रकट करने वालों मे केदार ओझा, मधुसूदन सिंह, राणा प्रताप सिंह, नजरुल बारी, संतोष कुमार शर्मा, डॉ सुनील कुमार ओझा, नन्द किशोर नवल जी, अशोक कुमार सिंह, शशि कुमार, जमाल, आसिफ जैदी, मनोज राय, राजू गुप्ता, सनन्दन उपाध्याय, कंचन सिंह, राजेश मिश्रा आदि पत्रकार प्रमुख रहे।
प्रमोद कुमार उपाध्याय के निधन पर समाजवादी पार्टी ने किया गहरा शोक व्यक्त
बलिया। जनपद के प्रतिष्ठित पत्रकारिता क्षेत्र के व्यक्तित्व, दैनिक जागरण के पूर्व व्यवस्थापक एवं अनेक शिक्षण संस्थाओं के मार्गदर्शक श्री प्रमोद कुमार उपाध्याय के असामयिक निधन पर समाजवादी पार्टी, बलिया ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उनके निधन को जनपद के बौद्धिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया है।
बलिया के सांसद सनातन पाण्डेय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रमोद कुमार उपाध्याय जी का निधन व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। वे न केवल एक कुशल व्यवस्थापक थे, बल्कि बलिया की सामाजिक संरचना और शिक्षा के विकास में उनकी रुचि अनुकरणीय थी। उनका सौम्य स्वभाव और कार्यशैली हमेशा याद रखी जाएगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रमोद कुमार उपाध्याय जी ने पत्रकारिता और शिक्षा के माध्यम से जनपद की जो सेवा की, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति और समाजनीति का सम्मान किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति दें।
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय 'कान्हजी' ने कहा कि प्रमोद उपाध्याय जी का जाना बलिया के एक युग का अंत जैसा है। शिक्षण संस्थाओं से जुड़ाव के कारण उन्होंने हजारों युवाओं का मार्गदर्शन किया। समाजवादी पार्टी परिवार इस दुःख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़ा है।



