कृषि और डेयरी मजबूत हों तो खुद थम जाएगा प्रवासन : डॉ. सुनील ओझा
एस.एन.पी.एस. बलिया का शैक्षणिक प्रयोग : कक्षा से खेत तक पहुँची शिक्षा
स्लोगन रहा- संस्कृति से भी जोड़ेंगे प्रकृति से भी जोड़ेंगे
बलिया।।एस. एन. पब्लिक स्कूल, बलिया द्वारा प्रायोजित एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन सुधा डेयरी फॉर्म, मलिकपुरा ग्राम सभा बेलहरी, बलिया में किया गया जिसके संचालक भरत यादव जी है।यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट वर्क के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें कृषि, डेयरी फार्मिंग एवं प्रवासन जैसे ज्वलंत विषयों पर छात्रों को प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार ओझा, असिस्टेंट प्रोफेसर, भूगोल विभाग, अमर नाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुबेछपरा ने अपने उद्बोधन में प्रवासन को केंद्र में रखते हुए गहन विचार रखे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों और विदेशों की ओर बढ़ता प्रवासन आज केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक चुनौती बन चुका है। प्रवासन के प्रमुख कारणों में रोजगार की कमी, कृषि से घटती आय, संसाधनों का अभाव और ग्रामीण सुविधाओं की असमानता प्रमुख हैं।
डॉ. ओझा ने प्रवासन के निवारण पर जोर देते हुए स्पष्ट कहा कि यदि कृषि को लाभकारी बनाया जाए, डेयरी फार्मिंग को बढ़ावा मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों, तो ग्रामीण युवाओं को अपना क्षेत्र छोड़ने की मजबूरी नहीं पड़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समझें और भविष्य में गाँवों के विकास में भागीदार बनें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक एवं किसान अनिल सिंह, पूर्व प्रतिनिधि प्रधान बेलहरी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए खेती को सम्मानजनक आजीविका का साधन बताते हुए आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस नेता एवं किसान विनोद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जब तक गाँव मजबूत नहीं होंगे, तब तक देश का संतुलित विकास संभव नहीं है। कृषि और पशुपालन को सशक्त बनाकर ही समस्याओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री विनोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मेरा काम सिर्फ विद्यालय चलाना नहीं बल्कि हर क्षेत्र से जोड़ने का प्रयास करना है , प्रधानाचार्य श्रीमती अंकिता सिन्हा ने कहा कि आज जो शिक्षा हम देने का प्रयास कर रहे है उस से गांव के युवाओं के मनोबल बढ़ाने के साथ ही साथ हमारे विद्यालय के बच्चे भी गांव से जुड़ेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक एवं वाइस प्रिंसिपल सूर्य प्रकाश सिंह यादव ने कहा कि यह प्रोजेक्ट हमारे चेयरमैन सर, प्रिंसिपल मैंम और सहयोगी शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति यह दर्शा रही है कि यह विद्यालय सिर्फ धनउगाही का स्थान नहीं बल्कि अच्छे संस्कार और संस्कृति की पहचान पर कार्य कर रही है। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की निहारिका अनुराधा एवं प्रोजेक्ट सहयोग एवं संचालन कनिष्क के द्वारा किया गया जो टी.डी. कॉलेज बलिया के बी.एस. सी. एजी तृतीय सेमेस्टर के छात्र है, जिन्होंने कार्यक्रम को अनुशासित और प्रभावशाली ढंग से संचालित किया। कार्यक्रम में शिक्षिका प्रज्ञा, अर्चना , नीलम,निवेदिता के साथ शिक्षक संदीप भी उपस्थित रहे।अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एस.एन.पी.एस. बलिया के इस अभिनव शैक्षणिक प्रयास की सराहना की।






