Breaking News

भाजपा संगठन को मिला नया नेतृत्व, पंकज चौधरी बने उत्तर प्रदेश के नये अध्यक्ष






लखनऊ।। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश संगठन को नया नेतृत्व सौंप दिया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के नाम की औपचारिक घोषणा करते हुए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी का प्रतीक चिह्न सौंपकर उन्हें नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के बाद पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।


प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ऐसा दल है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़े दायित्व निभाने का अवसर मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की पहचान किसी वंश, जाति या व्यक्तिगत प्रभाव से नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत से है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन में हर कार्यकर्ता उनके लिए महत्वपूर्ण रहेगा और वे सभी की बात सुनते हुए उनके हक के लिए मजबूती से खड़े रहेंगे।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए कार्यालय, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और संसाधन बेहद जरूरी हैं और इन्हीं आधारों पर पार्टी आगे बढ़ती है। पंकज चौधरी ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य सत्ता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का निर्वहन करना है। संगठन के भीतर संपर्क, संवाद और आपसी समन्वय को वे अपनी कार्यशैली का केंद्र बनाएंगे और वरिष्ठ व अनुभवी कार्यकर्ताओं के अनुभवों का भरपूर उपयोग किया जाएगा।


अपने संबोधन में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का काम किया है, जिसके चलते सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर और पूरे प्रदेश की छवि में सकारात्मक बदलाव आया है और आज उत्तर प्रदेश को देशभर में सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है।


पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी की नियुक्ति को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है, जहां संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष जोर दिया जाएगा।