चितबड़ागांव टाउन एरिया चेयरमैन ने की मुख्यमंत्री श्री योगी से शिष्टाचार मुलाक़ात, हुई क्षेत्र के विकास पर चर्चा
बलिया।। नगर पंचायत चितबड़ागांव के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने नव वर्ष की पूर्व संध्या पर मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर पंचायत से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान चेयरमैन अमरजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें नगर पंचायत के आस्था केंद्र रामशाला का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण, क्षेत्र के सभी तालाबों का सुंदरीकरण तथा गंभीर जलनिकासी की समस्या से निजात दिलाना शामिल था। उन्होंने नगर पंचायत के समग्र विकास कार्यों के लिए भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
चेयरमैन ने मुख्यमंत्री को अपने कार्यकाल में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने शहीद वृंदावन तिवारी स्मारक के सुंदरीकरण, नगर पंचायत के मुख्य मार्गों को गड्ढामुक्त करने और अन्य प्रस्तावित विकास योजनाओं से अवगत कराया।
भेंट के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, आधारभूत संरचनाओं के विकास और नगर के समग्र विकास पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर पंचायत स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरों का संतुलित विकास प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर मुरली छपरा ब्लॉक के उप ब्लॉक प्रमुख सुशील पाण्डेय भी उपस्थित रहे।




