Breaking News

मुख्यमंत्री ने किया भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स की डायमण्ड जुबली एवं 19वें राष्ट्रीय जम्बूरी में उ0प्र0 संध्या एवं ड्रोन शो का उद्घाटन

 



युवा संकल्प अगर जाग जाए, तो इतिहास बदल जाता है और युग परिवर्तन हो जाता है, वर्तमान तेजस्वी तथा भविष्य अजेय हो जाता है : मुख्यमंत्री

19वीं जम्बूरी की थीम ‘विकसित भारत, विकसित युवा’ 

इस जम्बूरी का उद्देश्य युवाओं को प्रकृति प्रेम के साथ जोड़ना, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना, स्वच्छता के प्रति विशेष ध्यान देना, 

राष्ट्रीय एकता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार करना उ0प्र0 असीमित क्षमताओं का प्रदेश

 बदलता हुआ भारत आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में एक भी है और श्रेष्ठ भी, यहां विरासत के साथ-साथ विकास भी,

 गरीबों का कल्याण व युवाओं का उत्थान, नौजवानों के लिए रोजगार व अन्नदाता का सम्मान भी 

स्काउटिंग केवल खेल या अभ्यास व यूनिफॉर्म तक सीमित नहीं, बल्कि यह चरित्र और सेवा पर आधारित एक जीवन पद्धति 

लखनऊ ।।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि युवा संकल्प अगर जाग जाए, तो इतिहास बदल जाता है और युग परिवर्तन हो जाता है। जब किसी राष्ट्र का युवा जागृत होता है, तो उसका वर्तमान तेजस्वी होता है और उसका भविष्य अजेय हो जाता है। युवाओं के समक्ष स्वामी विवेकानन्द, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, मेजर ध्यानचन्द जैसे अनेक उदाहरण हैं जिन्होंने यह सिद्ध किया है कि आयु कभी इतिहास बनाने में बाधा नहीं बनती। 

मुख्यमंत्री जी आज यहां आयोजित भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स की डायमण्ड जुबली एवं 19वें राष्ट्रीय जम्बूरी में मंगलवार की शाम को अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश संध्या एवं ड्रोन शो का उद्घाटन किया। 19वें राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन 23 से 29 नवम्बर, 2025 तक किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह अत्यन्त महत्वपूर्ण आयोजन है, क्योंकि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की धरती पर 61 वर्षों के बाद हो रहा है। इससे पूर्व, उत्तर प्रदेश में वर्ष 1964 में जम्बूरी का आयोजन किया गया था। उत्तर प्रदेश असीमित क्षमताओं का प्रदेश है। यह वही पवित्र धरा है, जहां मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने जन्म लिया। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कर-कमलों से भगवा झण्डा भगवान श्रीराम मंदिर पर फहराता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रदेश की धरती पर ही लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया और अपनी लीलाएं रचीं। इसी धरती पर महात्मा बुद्ध ने अपना पहला ज्ञान भी दिया। महात्मा बुद्ध ने अपने परिनिर्वाण के साथ-साथ सबसे अधिक चातुर्मास भी उत्तर प्रदेश की धरती पर व्यतीत किये। यहीं 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का भी परिनिर्वाण हुआ। उत्तर प्रदेश कई जैन तीर्थंकरों की भूमि है। प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव अयोध्या की धरती पर पैदा हुए थे। 

प्रदेश की इसी धरती पर मात्र 23 वर्ष की उम्र में सन् 1857 के स्वाधीनता संग्राम में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने हुंकार भरी थी। उस समय उन्होंने संकल्प लिया था कि ‘मैं अपनी झांसी विदेशी हुकूमत को हरगिज नहीं दूंगी’। यहां पण्डित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाकउल्ला खाँ और चन्द्रशेखर आजाद जैसे क्रान्तिकारियों ने देश की आजादी की लड़ाई को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया। केरल से निकले हुए एक सन्यासी ने मात्र 32 वर्ष की आयु में आदिशंकर के रूप में देश के चार कोनों में चार पीठों की स्थापना करके भारत की ध्वजा पताका को ऊंचा करते हुए देश का भ्रमण कर जो ज्ञान दिया, उसके प्रति पूरा भारत कृताज्ञता ज्ञापित करता है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज सिखों के 9वें गुरु श्री तेग बहादुर जी महाराज का 350वां शहीदी दिवस है। उन्होंने भारत की सनातन परम्परा को बचाने के लिए उस समय के आक्रांताओं को चुनौती दी थी। उनके साथ भाई सती दास जी, भाई मतीदास जी और भाई दयाला जी भी शहीद हो गए, लेकिन वह अपने संकल्प से कभी नहीं हटे। उन्होंने कहा कि जब गुरु गोबिंद सिंह जी से कहा गया कि आपके चार पुत्र तो बलिदान हो गए, तो उन्होंने कहा कि ‘चार मुये तो क्या हुआ, जीवित कई हजार’। यह भाव जब होता है, तब राष्ट्र आगे बढ़ता है। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत का सबसे अधिक युवा उत्तर प्रदेश में ही निवास करता है। युवा यदि अपने उद्देश्यों को पूरा करने में संकल्पों के साथ जुड़ जाए और प्रयास करे, तो कुछ भी असम्भव नहीं। भारत की ऊर्जा आज एक नई दिशा में जा रही है। विगत 11 वर्षों में भारत बदलता हुआ दिखा है। यह बदलता हुआ भारत आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक भी है और श्रेष्ठ भी है। आतंकवाद समाप्त हो रहा है। उग्रवाद और अलगाववाद को समाप्त करते हुए नया भारत, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ बनने की ओर अग्रसर है। यहां विरासत के साथ-साथ विकास भी है। यहां अब गरीबों का कल्याण व युवाओं का उत्थान है। नौजवानों के लिए रोजगार व अन्नदाता का सम्मान है। अब यहां बहन और बेटी की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हैं। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्काउटिंग केवल खेल या अभ्यास नहीं है। यह केवल यूनिफॉर्म तक सीमित नहीं, बल्कि यह चरित्र और सेवा पर आधारित एक जीवन पद्धति भी है। आज दुनिया के 170 से अधिक देशों में स्काउट्स एण्ड गाइड्स के विचार को आगे बढ़ने का कार्य किया जा रहा है। स्काउट्स एण्ड गाइड्स नई तकनीक और चुनौतियों के बीच तेजी से बदलती हुई दुनिया और युवा पीढ़ी के कौशल के साथ-साथ चरित्र निर्माण तथा जिम्मेदारियों को लेने और उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए तैयार करने का एक सक्षम मंच है। विकसित युवा विकसित भारत, आत्मनिर्भर और स्वदेशी भारत, स्वच्छ एवं विकसित भारत, ग्रीन एंड सस्टेनेबल भारत केवल नारे नहीं, बल्कि 21वीं सदी के भारत का संकल्प है। इस संकल्प का सबसे शक्तिशाली स्तम्भ हमारे युवा हैं। 

19वीं जम्बूरी में देश भर के युवा आपस में मिल रहे हैं और भारत को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रहे हैं। इसका भी संकल्प वही है जो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प है। आत्मनिर्भर भारत विकसित भारत और युवा भारत की एकता को ध्यान में रखकर हमें कार्य करना है। 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के आयोजन में आधुनिकता, प्रबन्धन, संस्कृति का वैश्विक समन्वय स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। यहां ग्रीन कैम्पस, मेडिकल की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, ग्लोबल विलेज, एडवेंचर जोन और सांस्कृतिक मिलन जैसी उत्तर प्रदेश की नई क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर रखने का एक लघु प्रयास किया गया है। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 19वीं जम्बूरी का उद्देश्य युवाओं को प्रकृति प्रेम के साथ जोड़ना, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना, स्वच्छता के प्रति विशेष ध्यान देना, राष्ट्रीय एकता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार करना है। अगर हम मिलकर यह कार्य करते हैं, तो देश के सामने कोई चुनौती नहीं रह पाएगी। 19वीं जम्बूरी की थीम ‘विकसित भारत, विकसित युवा’ है। भारत तभी विकसित होगा जब वह आत्मनिर्भर होगा। जब युवा ऊर्जा, आत्मनिर्भरता व स्वावलम्बन की ओर अग्रसर होंगे। विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ने का कार्य हम सभी को मिलकर करना होगा। सफलता तब प्राप्त होती है, जब सामूहिकता होती है। टीम भावना, अनुशासन व अपने नेतृत्व पर विश्वास कर हमें आगे बढ़ना होगा।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक नए आत्मविश्वास के साथ प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। स्काउट्स एण्ड गाइड्स इसको आगे बढ़ाने के लिए एक प्रेरक शक्ति के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह दुनिया की चुनौतियों को स्वयं देखें और महसूस करें और अपने देश को विकसित भारत बनाने के लिए मिलकर प्रयास करें।

कार्यक्रम को राज्य सभा सदस्य डॉ0 दिनेश शर्मा, भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ0 अनिल जैन, भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डॉ0 महेन्द्र सिंह, भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स के मुख्यायुक्त श्री के0के0 खण्डेलवाल ने भी सम्बोधित किया।  

इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स उत्तर प्रदेश के मुख्यायुक्त डॉ0 प्रभात कुमार, देश-विदेश से आये स्काउट्स एण्ड गाइड्स उपस्थित थे।