प्रेसवार्ता कर प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने दी आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की जानकारी, विकसित राष्ट्र बनाना लक्ष्य
बलिया।भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को लोकनिर्माण डाकबंगले के एक सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान 25 सितंबर से 25 दिसंबर 2025 तक चलने वाले 'आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान' की जानकारी दी गई। अभियान का मुख्य लक्ष्य देश को एक विकसित राष्ट्र बनाना है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालू ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसका मुख्य फोकस सामाजिक-आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्थानीय उद्योगों को सशक्त करना और नागरिक सहभागिता बढ़ाना है।
अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भरता के संकल्प से जोड़ना और 'हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी' की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। 'वोकल फॉर लोकल' के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, स्ट्रीट वेंडरों, लघु उद्योगों और स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हुआ था। इसके लिए प्रदेश, जिलों और मंडलों में अभियान समितियों का गठन किया गया है। वर्तमान में बूथ स्तर पर 'स्वदेशी संकल्प अभियान' और संकल्प-पत्र भरवाने का कार्य प्रगति पर हैं।
अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 से 15 अक्टूबर तक जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अभियान को मीडिया में लॉन्च किया जाएगा। 9 से 18 अक्टूबर तक सभी प्रशासनिक जिलों में स्वदेशी मेला, आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा, पदयात्रा और घर-घर स्टिकर वितरण का आयोजन होगा।
16 से 30 अक्टूबर तक महिला एवं युवा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय समूहों को जोड़कर सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं का प्रसार किया जाएगा। 1 से 15 नवंबर तक व्यापारी, लघु उद्योगी एवं प्रोफेशनल सम्मेलन होंगे, जो छोटे व्यवसायों और उद्योगों को प्रोत्साहन देंगे। इसके अतिरिक्त, 1 से 30 नवंबर तक युवाओं को रचनात्मक सहभागिता के लिए प्रेरित करने हेतु स्वदेशी रील्स प्रतियोगिता और स्वदेशी भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि भाजपा स़गठन व सरकार दोनों का ऐतिहासीक निर्णय आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान भारत को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की राष्ट्रीय पहल है ।इसका उद्देश्य है ,हर नागरिक को आत्मनिर्भरता के संकल्प से जोड़ना हर घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी की भावना को सशक्त करना।इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र यादव,जयप्रकाश साहू,आत्म निर्भर भारत के जिला संयोजक अरुण सिंह बंन्टू,धर्मेन्द्र सिंह ,पंकज सिंह,नितेश मिश्रा आदि लोग उपस्थित रहे।