Breaking News

डंफर ने स्कूटी को मारी ठोकर, स्कूटी सवार किशोर व युवती दोनों की हुई मौत, जनता ने किया सड़क जाम



दोनों मृतकों को 1-1 करोड़ मुआवजा देने की कर रहे है मांग 

बैरिया(बलिया)।।  दशहरा का मेला देखने निकले स्कूटी पर सवार किशोर व युवती को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में लगे डंपर ने बुधवार दोपहर बाद बैरिया दलित बस्ती के सामने कुचल दिया जिससे किशोर की मौके पर ही और युवती की जिला अस्पताल जाते समय रास्ते मे मौत हो गई। 

प्राप्त खबर के अनुसार बिहार के भोजपुर जनपद के बड़ारहा थाना क्षेत्र के खवासपुर गांव निवासी रितिक यादव 13 वर्ष अपने फकरू टोला निवासी मौसेरी बहन निशा यादव (20 वर्ष ) पुत्री देवचरण यादव के साथ स्कूटी से दशहरा मेला देखने के लिए बैरिया गये थे। मेला घूमते घूमते दोनों लोग रेवती में दुर्गा पूजा देखने चले गए वहां से लौटते समय बैरिया दलित बस्ती के पास मांझी के तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने धक्का मार दिया जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती को लोगों ने सीएचसी सोनबरसा पहुंचायां  जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। किशोरी की भी जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। डंपर चालक डंपर लेकर भागना चाहिए किंतु, ग्रामीणों ने डंपर को घेर लिया, जिसके बाद चालक डंपर छोड़कर भाग खड़ा हुआ।




घटना से आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग 31 को दलित बस्ती के सामने जाम कर दिया, जहां नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि मंटन वर्मा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया किंतु सफलता नहीं मिली ।  घटना की सुचना पर पहुंचे पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, विधायक जयप्रकाश अंचल भी घटनास्थल पर पहुंच गए।जाम की सूचना पर एसडीएम आलोक प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम कुरैशी, प्रभारी निरीक्षक बैरिया मूलचंद चौरसिया के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल रेवती, दोकटी, हल्दी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारी जाम समाप्त करने के लिए बार-बार आग्रह कर रहे थे। 



लोगों का यह कहना था कि हर साल के भांति दशहरा मेला को देखते हुए बैरिया में नो एंट्री क्यों नहीं लगायी गयी,इसका जवाब पुलिस वालों के पास नहीं था। अधिकारी बार-बार जाम समाप्त करने का आग्रह आक्रोशित लोगों से कर रहे थे किंतु लोग प्रशासन की बात नहीं सुन रहे थे। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण सड़क पर जमे हुए थे प्रशासन उनको समझाने में लगा हुआ था। सड़क जाम कर रहे लोगों ने दोनों मृतकों के आश्रितों को एक-एक करोड रुपए की सहायता व गाड़ी मालिक को मौके पर तुरंत बुलाने की मांग कर रहे थे। वहीं सड़क जाम के कारण एनएच 31 पर दोनों तरफ तीन से चार किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई है।