सीतापुर बीएसए ऑफिस में प्रधानाध्यापक का हमला, बेल्ट से बीएसए को पीटा
सीतापुर, 23 सितम्बर।। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक प्रधानाध्यापक अचानक कमरे में घुसा और बीएसए पर बेल्ट से हमला कर दिया। घटना दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नदवा के प्रधानाध्यापक बृजेन्द्र कुमार वर्मा स्पष्टीकरण के लिए बीएसए ऑफिस पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अचानक बेल्ट निकालकर बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह पर हमला बोल दिया। हमले में बीएसए घायल हो गए। आरोप है कि आरोपी ने उनका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया और दफ्तर में रखे कई सरकारी प्रपत्र फाड़ दिए।
इस दौरान आरोपी लगातार गालियां देता रहा और जान से मारने की धमकी देता रहा। घटना से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। शोर सुनकर स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भेजा।
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने तहरीर देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि आरोपी पहले से योजना बनाकर आया था और प्राणघातक हमला किया। इस दौरान लिपिक प्रेम शंकर मौर्य के साथ भी मारपीट की गई।पुलिस ने बीएसए का मेडिकल कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



