Breaking News

जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में सनबीम का लहराया परचम






 बलिया। आज का युग वैज्ञानिक युग है। विज्ञान के बिना अब रहने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। विज्ञान के क्षेत्र में नित नये आविष्कारों व खोजों ने आम से लेकर खास तक के जीवन को अत्यंत आसान व सुविधाजनक बना दिया है। विविध मशीनों से हम कठिन से कठिन कार्य को आसानी से अल्प समय में संपन्न कर सकते हैं।

     अगरसंडा स्थित सनबीम स्कूल विज्ञान के प्रति बच्चों को सदैव प्रोत्साहित करता आया है। ऐसे आयोजनों में वह प्रतिभाग को प्राथमिकता देता है। इसी संदर्भ में जिला विज्ञान क्लब द्वारा सनबीम स्कूल बलिया में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जहां सनबीम स्कूल अगरसंडा, एमएनबी स्कूल नसीरपुर, होराइजन स्कूल गड़वार के बच्चों ने प्रतिभाग  किया था। इस विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने सॉफ्ट ब्रांड टेक, वोल्कैनो, ट्रांसप्लांटेशन, बायोगैस, ऑटोमेटिक स्ट्रीट लाइट, व्हीकल पार्किंग, वॉटर प्यूरीफिकेशन, फर्टिलाइजर तकनीक, हाइड्रो एक्जोवेटर आदि का मॉडल प्रस्तुत किया।





      विज्ञान प्रदर्शनी में अतिथियों ने बच्चों के विभिन्न मॉडल का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इस प्रतियोगिता में सनबीम के बच्चों ने प्रथम स्थान,  एमएनबी स्कूल के बच्चों ने द्वितीय तथा होराइजन के बच्चों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डॉ प्रतिभा त्रिपाठी पूर्व प्राचार्या सतीश चंद्र कॉलेज, डॉ अशोक सिंह जूलॉजी विभाग, डॉ सीमा वर्मा एचओडी जंतु विज्ञान विभाग सतीश चंद्र कॉलेज, डॉ सुधा राणा जूलॉजी विभाग टीडी कॉलेज प्रमुख रूप से रहे। जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक सुधीर कुमार सिंह की भूमिका प्रमुख रूप से रही।

       मुख्य अतिथि ने बच्चों को वैज्ञानिक क्रियाकलापों में बढ़ चढ़कर भाग लेने का सुझाव दिया। उनके कार्यों व प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें नित आगे बढ़ने का मूल मंत्र दिया। विद्यालय के निर्देशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने विज्ञान के अविष्कार, खोज एवं प्रासंगिकता के बारे में बच्चों को विस्तार से समझाया। उनके मॉडल्स की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह ने कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों की तारीफ करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की। इस दौरान विद्यालय के प्रशासक, कोऑर्डिनेटर एवं विज्ञान के समस्त शिक्षक गण मौजूद रहे।