Breaking News

आदिवासी जनजाति समुदाय के संवैधानिक मानवाधिकार का दमन कर रही भाजपा सरकार



बलिया।। निकाय चुनाव 2022 में अनुसूचित जनजाति हेतु वार्ड सदस्य/सभासद की सीटे आरक्षित करने की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के तत्वावधान में जिले के आदिवासी जनजाति गोंड, खरवार समुदाय का धरना 13 दिसम्बर मंगलवार को छठवें दिन भी जारी रहा। इस अवसर पर धरने का नेतृत्व कर रहे इंडियन पीपुल्स सर्विसेज (आईपीएस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी अरविंद गोंडवाना ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आदिवासी जनजाति समुदाय के संवैधानिक मानवाधिकार का दमन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ तो जनजातीय गौरव दिवस मनाने का दिखावा करती है तो वही दूसरी तरफ आदिवासी जनजाति समुदाय के संवैधानिक अधिकारों को धीरे-धीरे समाप्त करने पर तुली हुई है। जनजाति गोंड, खरवार समुदाय के छात्रों का अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र भी सुगमतापूर्वक जारी नहीं किया जा रहा है। इनका उत्पीड़न चरम पर है। ऐसी स्थिति में एकजुट संगठित संघर्ष छेड़ने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नजर नहीं आता है।









 अरविन्द गोंडवाना ने जानकारी देते हुए कहा कि 08 दिसम्बर 2022 को असम कोकराझार के निर्दल आदिवासी सांसद  नाबा कुमार सरनिया  द्वारा भी लोकसभा में उ0प्र0 के अनुसूचित जनजाति समुदाय को निकाय चुनाव में आरक्षण देने के साथ-साथ इनका अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र सुगमतापूर्वक जारी किये जाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाने का काम किये है । उ0प्र0 के विधान सभा में भी यह प्रकरण सपा नेताओं द्वारा उठाया जा चुका है। इसके बावजूद भी तानाशाह भाजपा सरकार संविधान की अनदेखी करती रही है। माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उ0प्र0 निकाय चुनाव पर संज्ञान लेने पर ही इंसाफ/न्याय की उम्मीद नजर आती है। इसके लिए हर्षित प्रदेश के आदिवासी जनाजति समुदाय के लोग माननीय उच्च न्यायालय का अभिवादन ज्ञापित करते हैं। धरना सभा की अध्यक्षता करते हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष सुमेर गोंड ने कहा कि निकाय चुनाव में सभासद की सीटों पर अनुसूचित जनजाति का आरक्षण सहित गांड, खरवार छात्र नौजवानों को सुगमतापूर्वक अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी होने तक संवैधानिक, लोकतात्रिक तरीके से सत्याग्रह आन्दोलन जारी रहेगा। धरना सभा में प्रमुख रूप से जिला संरक्षक रामपाल खरवार, दादा अलगू गोंड, ब्लाक अध्यक्ष ओमप्रकाश गोंड, रामचन्द्र गांड, शिवशंकर खरवार, रामसेवक खरवार, कुॅवर सिंह छात्रसंघ के महामंत्री कृष्णा कुमार गोंड, अमित शाह, ओमप्रकाश खरवार, महेन्द्र गोंड, वीरेन्द्र गोंड, सरल गोंड, गोगा गोंड, रितिक शाह, विश्वेश्वर गोंड, शंकर गोंड, उमेश गोंड, श्रीमती माला देवी गोंड के अलावा इंडियन पीपुल्स सर्विसेज (आईपीएस) के जिलाध्यक्ष सुरेश शाह भी मौजुद रहे।