Breaking News

पूरे जनपद मे स्व मुलायम सिंह को दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि






सर्व दलीय सभा के माध्यम से दी गयी श्रद्धांजलि

व्यापारियों ने भी चढ़ाये श्रद्धा सुमन 

बलिया।। समाजवादी पार्टी के संस्थापक उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा का मुख्य आयोजन आज समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर किया गया जिसमें सभी दलों के लोग एवं सामाजिक संगठन,गैर राजनीतिक संगठन एवं सामाजिक कार्यकर्ता और व्यापारी संगठनों के नेता कार्यकर्त्ता भारी संख्या में उपस्थित हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी की कथनी और करनी में अंतर नहीं था, जो कहते थे वही करते थे। गरीब गांव और किसान उनकी प्राथमिकता मे थे। नौजवानों को रोजगार मिले और किसानों को सहूलियत मिले यह उनकी हमेशा सोच रहती थी। स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी जन भावनाओं को बारीकी से समझने वाले नेता थे। पक्ष हो या विपक्ष हो, जो उनके यहां जाता था कभी उसे वह निराश नहीं करते थे। नेताजी विराट हृदय के व्यक्ति थे, आज उनके देहांत के बाद उनके प्रति जो श्रद्धा लोगों में दिख रही हैं वह उनके जमीनी पकड़ को दर्शाती है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।

       श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने किया और कहा कि नेताजी के जाने के बाद भारतीय राजनीति में जो रिक्तिया आ गयी हैं वह निकट भविष्य में भरनी मुश्किल दिख रही हैं। पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि स्व.नेताजी समाजवाद के वट वृक्ष थे।पूर्व प्रत्याशी बलिया लोकसभा सनातन पाण्डेय ने भी पार्टी कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित किया।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और जिला सहकारी बैंक के वर्तमान चेयरमैन विनोद शंकर दूबे ने स्व मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बड़े बड़े नेता हुए है लेकिन नेता जी का सर्वमान्य सम्बोधन केवल मुलायम सिंह जी के साथ ही जुड़ा। यह दर्शाता है कि नेताजी अपनी पार्टी के साथ साथ अन्य दलों मे भी कितने लोकप्रिय थे। पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता ने नेता जी को याद करते हुए कहा कि नेता जी अपने एक एक निष्ठावान कार्यकर्ताओ को पहचानते थे।





     इस अवसर पर विधायक संग्राम सिंह यादव,पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह,श्रीमती मंजू सिंह,जर्नादन राय,अरविंद गिरी,पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, पूर्व चेयरमैन संजय उपाध्याय,जमाल आलम, झब्बू मिश्र,सीपीएम नेता रामजीवन यादव,राम कृष्ण यादव,व्यापार मंडल से मंजय सिंह प्रदीप वर्मा,सुनील परख,आलोक कुमार,अधिवक्ता संघ से निर्भय नारायण सिंह देवेंद्र दूबे विजय बहादुर यादव आदि लोग उपस्थित रहें। अंत में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान /कार्यवाहक जिला अध्यक्ष राजमंगल यादव ने जनपद के सभी लोगो की तरफ से श्रद्धासुमन अर्पित किया तत्पश्चात उपस्थित सभी लोग दो मिनट का मौन रख नेता जी की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना किया।इसके अलावा पार्टी कार्यालय पर हवन  भी किया गया।



बांसडीह मे भी दी गयी श्रद्धांजलि 

बांसडीह बलिया। समाजवादी पार्टी के संस्थापक उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु आज जनपद के सभी इलाकों में लोग एकत्र हुए। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के समाजवादियों द्वारा अपने नेता के याद में क्षेत्रीय कार्यालय आराधना पैलेस पर शोक सभा आयोजित हुई जिसको संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा की स्वर्गीय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी सच्चे समाजवादी नेता थे। समाज के अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने और उसकी बेहतरी के लिए स्वर्गीय नेता जी ने जितना काम किया है आजादी के बाद विरले ही कोई राजनेता उतना कार्य किया होगा।स्वर्गीय नेताजी जन जन के प्रिय थे। बलिया के लिए नेताजी के दिल में बहुत बड़ा स्थान था। नेताजी जब कभी भी विकास की बात शुरू करते थे बलिया उसमें प्रथम रहता था। समाजवाद के सच्चे सिपाही, लोहिया के अनुयायी स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं राजनैतिक समरसता के लिए हमेशा मुखर रहे। संबंधों के निर्वहन में नेताजी का कोई सानी नहीं था।

कहा कि विचारधारा को लेकर नेताजी हमेशा अडिग रहे। नेताजी की कमी हम समाजवादियों को हमेशा सालती रहेगी। अब इस समाजवादी कारवां को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मजबूत कंधों पर है। ऐसे में हम समाजवादी लोगों का भी कर्तव्य बनता है कि हम मजबूती के साथ अखिलेश यादव के पीछे खड़े रहे और नेताजी की बताई हुई राह पर चलकर समाजवाद को मजबूती प्रदान करें।

      रामगोविंद चौधरी ने कहा कि नेताजी की समाजवादी सोच और उनके द्वारा जलाई गई इस समाजवादी मशाल को आगे बढ़ाने के लिए नेताजी के बताए रास्ते पर हम सबको चलना होगा। इस अवसर पर हरेंद्र सिंह हरिमोहन सिंह रविंदर सिंह अशोक यादव संकल्प सिंह आदि उपस्थित रहे।