Breaking News

भारत गणराज्य की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी द्रौपदी मुर्मू,25 जुलाई को लेंगी शपथ,प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने आवास पर की मुलाकात



मधुसूदन सिंह

नईदिल्ली।।देश की 15वीं और देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू ,25 जुलाई को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने  एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से उनके आवास पर मुलाकात भी की है । बता दे कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने तीसरे दौर की मतगणना के बाद कुल वैध मतों का 50%  का आंकड़ा पार कर लिया है।






द्रौपदी मुर्मू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आज से 25 साल पहले एक वार्ड काउंसलर के रूप में करते हुए भारत गणराज्य के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति बन गयी है ।द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बन गई हैं। चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा को काफी पीछे छोड़ दिया है। उनकी जीत के साथ ही भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय जुड़ने वाला है। 

बता दें कि द्रौपदी मुर्मू देश को देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त होगा। चुनाव के शुरुआत से ही ओडिशा की द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही थी। अपने जीवन में अनगिनत संघर्षों के बाद द्रौपदी मुर्मू इस मुकाम को हासिल करने वाली हैं। 

संथाल आदिवासी परिवार में हुआ जन्म

64 वर्षीय द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर (उपरबेड़ा ) की रहने वाली हैं। उनका जन्म 20 जून 1958 को एक संथाल आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई उपरबेड़ा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय से की थी। इसके बाद उन्होंने भुवनेश्वर के रमादेवी महिला विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की। 

शिक्षिका की भी भूमिका निभाई

द्रौपदी मुर्मू को पढ़ने-पढ़ाने का भी काफी शौक रहा है। अपने शुरुआती जीवन में शिक्षिका की भी भूमिका निभाई है। रायरंगपुर के ही श्री अरविंदो इंटिग्रल एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर में उन्होंने शिक्षका के तौर पर काम किया है। इसके अलावा वह ओडिशा सरकार में सिंचाई व उर्जा विभाग में जूनियर असिस्टेंट के पद पर भी रहीं।






संघर्षों भरा रहा है जीवन

द्रौपदी मुर्मू का जीवन काफी संघर्षों भरा रहा। उनके पति श्यामचंद्र मुर्मू की असमय मौत तो हुई ही। साथ ही साथ उनके दो बेटों की भी असमय ही मृत्यू हो गई। हालांकि, उन्होंने इन हादसों से हार नहीं मानी और समाज की ओर अपनी जिम्मेदारियां निभाती रहीं। बता दें कि उनकी एक बेटी इति श्री मुर्मू हैं। 

वार्ड काउंसलर बन की राजनीतिक करियर की शुरुआत

द्रौपदी मुर्मू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आज से 25 साल पहले एक वार्ड काउंसलर के रूप में शुरू की थी। इसके बाद वह विधायक भी बनीं। वह रायरंगपुर से दो बार विधायक रहीं हैं। साल 2015 में उन्होंने झारखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। खास बात यह रही कि उन्हें कार्यकाल पूरा होने के बाद भी राज्य की राज्यपाल बनाए रखा गया। आदिवासी हितों का ध्यान रखने वाली मुर्मू को सभी दलों की ओर से सराहना मिलती रही है।