Breaking News

प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री की अगुवाई में वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम सम्पन्न : बोले ब्रजेश पाठक -वृक्षारोपण एवं उसके संरक्षण में हो जन-जन की भागीदारी

 



 उपमुख्यमंत्री  ब्रजेश पाठक,  जनप्रतिनिधिगणों एवं अधिकारियों ने मुख्य कार्यक्रम स्थल कनिहार झूंसी में किया वृक्षारोपण


सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण कम से कम एक वृक्ष को गोद लेकर उस वृक्ष की संतान की भांति करें देखभाल


प्रयागराज ।।  जनपद में मंगलवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वृक्षारोपण का मुख्य कार्यक्रम कनिहार, झूंसी में  उपमुख्यमंत्री  ब्रजेश पाठक व अन्य मा0 जनप्रनिधिगणों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर  उपमुख्यमंत्री  बृजेश पाठक,  सांसद फूलपुर श्रीमती केशरी देवी पटेल, महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नंदी,  विधायक फूलपुर प्रवीण पटेल,  विधायक शहर उत्तरी  हर्ष वर्धन वाजपेई, विधायक फाफामऊ  गुरू प्रसाद मौर्या, भाजपा के गंगापार अध्यक्ष  अश्वनी दुबे, जनपद में वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए नामित नोडल अधिकारी प्रबंध निदेशक उ0प्र0 जल निगम/सचिव नगर विकास  अनिल कुमार, आईजी  राकेश सिंह, जिलाधिकारी  संजय कुमार खत्री, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पाण्डेय सहित अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगणों एवं अधिकारियों के द्वारा वृक्षारोपण किया गया।



आयोजित कार्यक्रम में लोगो को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री  बृजेश पाठक ने कहा कि  मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश इस बार एक इतिहास रचने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार कुल 35 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है।  उपमुख्यमंत्री श्री पाठक ने कहा कि वृक्षारोपण एवं वृक्षों के संरक्षण के लिए जन-जन की भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद प्रयागराज के लिए जो भी लक्ष्य मिला है, उसको सभी लोग मिलकर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण कम से कम एक वृक्ष को गोद के रूप में अवश्य ले तथा उस वृक्ष की संतान की भांति देखभाल करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण में उत्तर प्रदेश गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करा चुका है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण को संतुलित बनाये रखते है तथा पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में मदद करते है। इस अवसर पर  उपमुख्यमंत्री जी के द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के लिए खिलौने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रदान किए गए।





 सांसद फूलपुर श्रीमती केशरी देवी पटेल ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह बहुत ही सुखद क्षण है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से कहा कि इस क्षेत्र को एक पार्क के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री जी एवं  मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत अनेक कार्यक्रम किए जा रहे है, जिसमें वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण करना एक बहुत ही पुण्य का कार्य है। पर्यावरण के संतुलन को बनाये रखने में वृक्षो का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है।

महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नंदी ने अपने सम्बोधन में लोगो से कहा कि सभी लोग अपने सबसे प्रिय के नाम से एक वृक्ष अवश्य लगाये। कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के लिए बहुत ही उपयोगी है। इस अवसर पर मा0 विधायक फूलपुर श्री प्रवीण पटेल ने कनिहार वृक्षारोपण क्षेत्र को पार्क के रूप में विकसित किए जाने के लिए मा0 उपमुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया।

इसके पूर्व जिलाधिकारी  संजय कुमार खत्री ने जनपद में किए जाने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस वृक्षारोपण अभियान कार्यक्रम में इस बार जनपद में वृक्षारोपण का कुल लक्ष्य लगभग 70,96,088 निर्धारित किया गया है, जिसमें आज दिनांक 05 जुलाई को लगभग 50,68,608 पौधों को रोपे जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम स्थल कनिहार में आज 1 हजार पौधों का रोपण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 250 शहीदों के नाम से वाटिका बनायी जा रही है।

 इस अवसर पर बच्चों के द्वारा लोगो को वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इस अवसर पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री अरविंद सिंह चैहान, नगर आयुक्त श्री चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी श्री शिपू गिरि, प्रभागीय वनाधिकारी श्री रमेश चन्द्र सहित अन्य अधिकारीगणों के अलावा काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रंजना त्रिपाठी के द्वारा किया गया।