Breaking News

रिपोर्ट टू नेशन के तहत के तहत भाजपा नेताओं ने गिनाई मोदी सरकार की 8 साल की उपलब्धियां

  


मधुसूदन सिंह

बलिया ।।  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार 30 मई 2022 को अपना 08 साल पूर्ण किया है। कोविड-19 के प्रतिबन्धों के कारण केन्द्र सरकार में पिछला 02 वर्षगांठ नहीं मनाया। इस वर्ष कोविड-19 के कम होने, दुनिया के सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम के सफल होने, साथ ही आर्थिक विकास को पटरी पर लाने और हाल ही में सम्पन्न 05 राज्यों में से 04 राज्यों मे हुए विधानसभा चुनाव में जोरदार जीत दर्ज करने के बाद भाजपा सरकार की 08 वीं वर्षगांठ पर विभिन्न गतिविधियों को अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों के बीच अपनी उपलब्धियों को लेकर जायेगी।





उक्त बाते सांसदगण वीरेन्द्र सिंह मस्त, रविन्द्र कुशवाहा, नीरज शेखर, व उ०प्र० सरकार के राज्यमंत्री दानिश अंसारी ने पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही । नेताओ ने कहा कि 08 वी वर्षगांठ को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के रूप में मनाया जा रहा है। कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण भारत ने पिछले 02 वर्षों मे कई चुनौतियों का सामना किया है। हालांकि महामारी के कारण उत्पन्न हुए आर्थिक संकट के कारण पूरा देश प्रभावित हुआ। मोदी सरकार ने मुफ्त टीकाकरण और राशन के माध्यम से भोजन और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करके 150 करोड़ भारतीयों के कल्याण के लिए काम किया। 




कहा कि सरकार के इन बड़ी उपलब्धियों को मान्यता देने हेतु 08 साल सुशासन और गरीब कल्याण ,नामक अभियान चलाया जाना प्रस्तावित है। कहा कि सेवा प्रतीक है, महामारी के दौरान राष्ट्र की सेवा करने के लिए पी0एम0 मोदी के अथक प्रयासों का। सुशासन प्रतीक है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा उठाये गये विभिन्न सफल पहलो का। गरीब कल्याण प्रतीक है अन्तिम मील के पत्थर  तक गरीब समर्थक योजनाओं को वितरित करने और गरीबों को मुख्यधारा में लाने के लिए प्राधनमंत्री की प्रतिबद्धता का।

      रिपोर्ट टू नेशन के तहत प्रेसवार्ता

 उपरोक्त नेताओ ने पत्रकार वार्ता के दौरान रिपोर्ट टू नेशन कार्यक्रम के तहत 08 साल के सरकार द्वारा की गयी उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत ,के साथ अनेकता में एकता को देश उत्सव के रूप में मना रहा है। 02 वर्ष से पी०एम० गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त खाद्यान का वितरण किया जा रहा है इससे देश के 80 करोड़ भारतीयों को लाभ पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 45 करोड़ लोगों को बैकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य कवरेज योजना है। पी0एम0 जन आरोग्य योजना के तहत 05 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। अब तक 3 करोड़ 20 लाख लोगों का मुफ्त इलाज हुआ है।18 करोड़ लाभार्थी को ई-कार्ड जारी किया गया है।

दुनिया का सबसे पहला व डिजिटल टीकाकरण

 कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा सबसे तेज और सबसे पहला डिजिटल टीकाकरण अभियान मोदी सरकार की देन है। पहले मामले के आने के 1 साल से भी कम समय में कोविड 19 टीका का निर्माण कर लिया गया। 477 दिनों में 190 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज लगाई गई। 20 करोड़ मेक इन इंडिया टीके 100 देशों को निर्यात किए गए। पीएम भारतीय जनऔषधि परियोजना के तहत सस्ती दरों पर गुणवतापूर्ण दवाई उपलब्ध है। देश मे 8727 जन औषधि केंद्र संचालित है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण क्षेत्र के तहत दो करोड़ 30 लाख घर स्वीकृत है। छ करोड़ 20 लाख ग्रामीण परिवारों को जल जीवन मिशन के शुभारंभ के बाद नल के द्वारा  जल का कनेक्शन प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत नौ करोड़ बीपीएल परिवारों को एलपीजी कनेक्शन मुफ्त दिए गए है। 

किसानों की आय बढ़ाने,सहयोग के लिये प्रयास

किसानों के लिए बजट आवंटन में साडे 5 गुना वृद्धि की गई।11 करोड़ 30 लाख किसानों के खाते में सीधे किसान सम्मान निधि  मिल रही है। किसानों की आय में वृद्धि के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित किए गए है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 4 फीसदी वार्षिक व्याज पर ऋण दिया जा रहा है। पीएम कृषि सिंचाई योजना के तहत निशुल्क सिंचाई की जा रही है। 4,00,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि को प्राकृतिक खेती के लिए कवर किया गया है। लगभग 23 करोड स्वाईल हेल्थ कार्ड किसानों को वितरित किए गए।

आत्मनिर्भर नारी, सब पर भारी, योजना लागू

आत्मनिर्भर नारी सब पर भारी, योजना के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना में 2015 से 2020 तक 18 फीसदी की बेटियों की पढ़ाई में वृद्धि हुई। प्रधानमंत्री जनधन योजना में 55 फीसदी से अधिक खाताधारक महिलाएं हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण स्वीकृत मकानों में से 68 फ़ीसदी से अधिक मकान महिलाओं या पति पत्नी दोनों के नाम है। माताओं और किशोरियों में एनीमिया और कुपोषण को कम करने पर बल दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 10,000 करोड रुपए से अधिक का मातृत्व लाभ वितरित किया गया। सशस्त्र बलों में शामिल होकर पुराने मिथक को महिलाएं तोड़ रही हैं। महिला अधिकारियों का स्थाई कमीशन लागू किया गया। लड़कियों के लिए सैनिक स्कूल भी खोले गए। महिलाओं को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रशिक्षण की अनुमति मिली। आतंकवाद विरोधी अभियान के लिए महिला स्मार्ट कमांडो टीम गठित की गई। जम्मू कश्मीर में एलओसी पर पहली बार महिलाओं की तैनाती की गई।

         नई शिक्षा नीति

शिक्षा नीति 2020 के तहत 21वी सदी के लिए स्किल युक्त छात्रों को तैयार किया जा रहा है। पारंपरिक शिक्षा से अधिक योग्यता आधारित शिक्षा की ओर एक आदर्श बदलाव हो रहा है । शिक्षको को नवीनतम तकनीकी शिक्षा पद्धति से युक्त किया गया है।

खेल संस्कृति को बढ़ावा

खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। खेलो इंडिया योजना के तहत 1000 खेलो इंडिया केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। 2500 से ज्यादा एथलीट चुने गए। जिन्हें खेलो इंडिया के तहत प्रतिवर्ष 620000 रुपए की सहायता प्रदान की जा रही है। इसी का परिणाम रहा कि टोक्यो ओलंपिक में और पैरा ओलंपिक में भारत ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।