Breaking News

अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठ व्रत का पहला पड़ाव पूर्ण,गुरुवार को उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों का पूर्व होगा व्रत



संतोष द्विवेदी

नगरा, बलिया।। हे अस्ताचलगामी सूर्यदेव, हे भुवन भाष्कर, आप ही एक मात्र ऐसे देव हो। जिस प्रकार से आपकी एक-एक किरणों में असंख्य शक्तियां विद्यमान हैं, उसी प्रकार हमारे कुटुंबी भी बल-पौरुष, यश-कीर्ति और दूध-पूत-लक्ष्मी से परिपूर्ण हों। ऐसा वर दीजिए। इसी कामना के साथ छठ महापर्व का व्रतियों ने शुक्रवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया। इस दौरान राजा और रंक में कोई फर्क नजर नहीं आया, यहां तक की सत्ता में अपना रसूख रखने वाले और जनप्रतिनिधियों ने भी सूर्य षष्टि व्रत के दौरान जहां माथे पर दौरा उठाया वहीं व्रतियों से आशीर्वाद भी लिया।

रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह अपने माथे पर प्रसाद से भरा दउरा लेकर अपने पिता घुरहू सिंह, अनुज रमेश सिंह, पत्नी पुष्पा सिंह, पुत्र यूकेश सिंह सहित अन्य परिजनों के साथ खाकी बाबा सरोवर पर पहुंचे व पत्नी पुष्पा सिंह को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करवाए। विधायक वहां पर व्रती महिलाओ से आशीर्वाद प्राप्त किए।






            छठ घाटों पर बुधवार को सायंकाल आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। महिलाओं ने शाम को तालाब, पोखरों व नहरों के किनारे बने छठ घाट डूबते हुए सूर्य को अर्ध्य दिया। देर रात महिलाओं ने पूजन अर्चन कर कोसी पूजा किया। पुत्र प्राप्ति और मंगल कामना के लिए व्रती महिलाओं ने तालाब व पोखरों में खड़े होकर छठ मइया की आराधना किया।अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य अर्पित करते हुए तन-मन की शुद्धता और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मंगल गीतों की धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। 

घाटों के आस-पास मेले जैसा दृश्य नजर आया। आस्था के इस विहंगम नजारे को लोग कैमरे में कैद करते रहे।दिन भर घर में पूजन सामग्री तैयार करने के बाद अपराह्न से ही श्रद्धालुओं की टोली छठ घाट की ओर बढ़ने लगी थी। परिवार के पुरुष सदस्य सिर व कंधे पर पूजन सामग्री से भरी दऊरा और ईंख लेकर आगे-आगे चल रहे थे तो उनके पीछे महिलाएं छठ पर्व की पारंपरिक गीत गुनगुनाती बढ़ रही थी। घाट पर पहले से तैयार वेदी की पूजा के बाद कलश और पूजन सामग्री रखकर महिलाएं नदी, तालाब व पोखरों में प्रवेश कर गईं।



 हाथ जोड़कर छठ मइया और सूर्य देव की वंदना करती रहीं।शाम 5 बजे के बाद जैसे ही सूर्य देव अस्त होने के लिए बढ़े अर्ध्य का क्रम शुरू हो गया। अर्ध्य अर्पित करते हुए व्रती महिलाओं ने परिवार के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस पूजन को देखने के लिए बड़ी तादात में लोग घाटों के आस-पास जमे रहे।नगर पंचायत के भगमलपुर पोखरे,पचफेडवा पोखरे तथा प्राचीन दुर्गा मन्दिर पोखरे के अलावा चचयां ,भंडारी, सरायचावट पोखरे के अलावा सभी गावों में स्थित तालाब पोखरों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।

पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश, पूर्व प्रधान काशीनाथ जायसवाल, युवा समाजसेवी कृष्ण पाल यादव, भाजपा नेता डॉ मिलन राम आदि ने व्रतियों को सूर्य षष्ठी की शुभकामनाएं ज्ञापित की। इस दौरान थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पाठक मय फोर्स चक्रमण करते रहे। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व महिला पुलिस कर्मी तैनात रही।