Breaking News

हाथरस कांड: CBI ने की पीड़िता की मां और भाई से पूछताछ, किए कई सवाल



ए कुमार

हाथरस ।। चंदपा क्षेत्र के गांव बूलगढ़ी में 14 सितंबर को हुई वारदात की तह तक जाने के लिए सीबीआई लगी हुई है। मंगलवार को जांच का 22 वां दिन था। सीबीआई की टीम गांव में तो नहीं गई, लेकिन अपने कैंप ऑफिस से उसने जांच को जारी रखा। पीड़िता की मां व बड़े भाई को सीबीआई टीम ने कैंप ऑफिस पर बुलाकर पूछताछ की। दोनों से करीब ढाई घंटे तक जानकारी ली गई है।


बाजरा के खेत में 14 सितंबर की सुबह आखिर क्या हुआ था इसकी सच्चाई पता लगाने में सीबीआई लगातार जुटी है। पूछताछ जारी है। कई चीजों को जब्त कर उनके बारे में भी पूरी तहकीकात की जा रही है। सीबीआई ने हाथरस के कृषि विभाग के कार्यालय में अपना कैंप ऑफिस बनाकर डेरा डाला हुआ है। कोतवाली चंदपा में भी सीबीआई के अफसर पड़ताल करते हैं। मंगलवार की सुबह करीब 10:15 बजे एक महिला वह एक पुलिसकर्मी पीड़िता के घर पहुंचे। सीबीआई जांच के लिए चलने की बात कही। सीआरपीएफ के 2 जवान भी साथ भेजे गए। 


दोपहर करीब 1:30 बजे मां बेटे को लेकर पुलिस की जीप गांव लौटी। यहां आकर मां बेटा सीधे अपने घर में चले गए। गौरतलब है कि 2 नवंबर को हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में हुई सुनवाई में अगली तारीख 25 नवंबर तय की गई है। हाइकोर्ट ने सीबीआई से स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है। सुप्रीम कोर्ट के कहने पर यूपी हाईकोर्ट सीबीआई जांच की निगरानी कर रहा है।