केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का निधन, बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट कर दी जानकारी ,शोक व्यक्त करने वालो ने बताया दलितों के थे बुलंद आवाज
ए कुमार
दिल्ली।। लोक जनशक्ति पार्टी राम विलास पासवान ने 74 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बेटे चिराग पासवान ने ये जानकारी खुद ट्वीट कर दी है। राम विलास पासवान बीते कुछ दिनों से बीमार थे और दिल्ली के एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में भर्ती थे। बता दें कि, हाल ही में रामविलास पासवान की दिल की सर्जरी हुई थी। बेटे चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में लिखा, 'पापा....अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं।
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'रामविलासजी के निधन से बिहार राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ी रिक्तता पैदा हो गयी है। उनके साथ मेरी बहुत लम्बी और अच्छी मित्रता थी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। इस दुःख की घड़ी में ईश्वर उनके परिवार एवं समर्थकों को संबल प्रदान करें।
राजनाथ सिंह ने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि 'केंद्रीय मंत्री श्री रामविलास पासवान जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा ग़रीबों, दलितों एवं वंचितों के कल्याण के लिए काम किया। उनकी गिनती बिहार की मिट्टी से जुड़े क़द्दावर नेताओं में थी और उनके सभी दलों के साथ अच्छे सम्बंध थे।'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोकंवेदना व्यक्त की । डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि रामविलास पासवान जी का निधन दुखद,दलितों पिछड़ों की आवाज़ बुलंद रखते थे और लोकप्रिय नेता थे रामविलास पासवान जी,उनका निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति।
लालू प्रसाद यादव ने अपने शोक संवेदना में कहा है कि रामबिलास भाई के असामयिक निधन का दुःखद समाचार सुन अति मर्माहत हूँ। विगत 45 वर्षों का अटूट रिश्ता और उनके संग लड़ी तमाम सामाजिक, राजनीतिक लड़ाइयाँ आँखों में तैर रही है। रामबिलास भाई, आप जल्दी चले गए। इससे ज़्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूँ ।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रामविलास पासवान जी का निधन एक बेहद ही दुखद समाचार है। वो जिंदगी भर दलित, पिछड़े सभी समूहों के लिए लड़ते थे। मंत्रीमंडल में वो बहुत सक्रिय रहते थे। प्रधानमंत्री मोदी जी पर उनका बहुत विश्वास था ।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि ये विश्वास लायक ख़बर नहीं है कि रामविलास पासवान जी हमारे बीच नहीं रहे। ये बेहद दुखद सूचना है। वे भारत के गरीब, वंचित, शोषित, दलित की नुमाइंदगी करने वाले थे। न केवल बिहार में, पूरे देश में उनकी रिक्तता सभी को खलेगी ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संवेदना में कहा है कि केंद्रीय मंत्री व लोकप्रिय राजनेता श्री रामविलास पासवान जी के निधन से मन दुःखी है।वह भारतीय राजनीति में वंचित समुदाय के ओजस्वी स्वर थे। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान प्रदान करें।ॐ शांति!
राज्यपाल ने केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन पर दुःख व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने केन्द्रीय उपभोक्ता मामले के मंत्री श्री राम विलास पासवान के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री राम विलास पासवान जमीन से जुड़े राजनेता थे जिन्होंने सदैव गरीब एवं वंचितों के लिये संघर्ष किया। श्री पासवान के निधन से राजनीति की अपूरणीय क्षति हुई है।
श्रीमती पटेल ने दिवंगत आत्मा की शांति के कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।
प्रियंका गांधी ने भी चिराग पासवान को फोन कर सांत्वना दी। रामदास आठवाले,रविशंकर प्रसाद, डॉक्टर हर्ष वर्धन पहुँचे अस्पताल मिले चिराग़ और शाेक संतप्त परिवार से मिले ।
राहुल गांधी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि रामविलास पासवान जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। ग़रीब-दलित वर्ग ने आज अपनी एक बुलंद राजनैतिक आवाज़ खो दी। उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएँ।