Breaking News

नगरा बलिया : उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ बलिया का 57 वां वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न

 उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ बलिया का 57 वां वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न
संतोष द्विवेदी




नगरा बलिया 9 फरवरी 2020 ।। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ बलिया का 57 वां वार्षिक अधिवेशन शनिवार को सुभाष इंटर कालेज ताड़ीबड़ा गांव में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में जहा वक्ताओं ने शिक्षा जगत व शिक्षकों की समस्याओं पर प्रकाश डाला, वहीं विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अधिवेशन का शुभारंभ माशि संघ के प्रदेश महामंत्री नंद कुमार मिश्र ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
         अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नंद कुमार मिश्रा ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षक विरोधी ही नहीं शिक्षा के प्रति भी उदासीन है। विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है वर्षों से नियुक्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की स्थिति इतनी दयनीय है कि विद्यालयों में गणित, विज्ञान अंग्रेजी जैसे प्रमुख विषयों के अध्यापक नहीं है।वित्त विहीन शिक्षकों के तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वित्त विहीन शिक्षकों की न तो कोई सेवा दशा है और न हीं उन्हें वेतन मिलता है। ऐसी दशा में भूखे पेट अध्यापक कैसे शिक्षा दे पाएगा। यह चिंता का विषय है। उन्होंने पुरानी पेंशन की चर्चा करते हुए कहा कि अप्रैल 2005 से लागू नई पेंशन योजना का आजतक क्रियान्वयन नहीं हो पाया।

शिक्षकों का अंशदान कटा है, जिसका कोई लेखा जोखा नहीं है। उन्होंने सरकार से एनपीएस बन्द करके पुरानी पेंशन, जीपीएस तथा सामूहिक जीवन बीमा को प्रभावित करने की मांग सरकार से की। इसके अलावा वक्ताओं ने शिक्षकों की समस्याओं से सम्बन्धित अन्य विंदुओ पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। इसके पूर्व विद्यालय के छात्र छात्राओं ने गीत, नृत्य सहित तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अंत में मा शि संघ द्वारा सेवानिवृत शिक्षकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉ जितेंद्र कुमार सिंह, हरिहर सिंह यादव, अनिल कुमार पाण्डेय, सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय, विजय कुमार सिंह, रामबदन सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, रामबदन सिंह आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह व संचालन दिनेश सिंह ने किया।