Breaking News

घोसी में गरजे सीएम योगी : माफिया और भ्रष्टाचारियों के लिए थीं सपा-बसपा के शासन में बनीं योजनाएं,मऊ में योगी आदित्यनाथ ने 95 परियोजनाओं का किया लोकार्पण, 7 विभागों की एक अरब 14 करोड़ 24 लाख 41 हज़ार की 21 परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया

घोसी में गरजे सीएम योगी : माफिया और भ्रष्टाचारियों के लिए थीं सपा-बसपा के शासन में बनीं योजनाएं,मऊ में योगी आदित्यनाथ ने 95 परियोजनाओं का किया लोकार्पण, 7 विभागों की एक अरब 14 करोड़ 24 लाख 41 हज़ार की 21 परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया

प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को चाभी और प्रमाण पत्र भी सौंपे

एनआरसी की मदद से घुसपैठियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा

प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे कार्यकाल में आतंकवाद के ताबूत पर अंतिम कील ठोक दी है, कश्मीर से धारा 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर के लिए विकास का द्वार खोल दिया है

"एक भारत श्रेष्ठ भारत" की परिकल्पना को हमारी सरकार द्वारा चरितार्थ किया जा रहा है
ए कुमार


घोसी मऊ 16 सितंबर,2019 ।। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को मऊ जिले के घोसी कस्बे में स्थित चीनी मिल परिसर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 95 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। 15 विभागों की 51 करोड़ दो लाख 92 हज़ार की 74 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। जबकि 7 विभागों की एक अरब 14 करोड़ 24 लाख 41 हज़ार की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 20 लाभार्थियों को चाभी और प्रमाण पत्र भी सौंपे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद तमाम योजनाएं चलाई गई हैं। इससे पहले सपा और बसपा के शासन में माफिया और भ्रष्टाचारी सेंध लगा देते थे। सपा-बसपा की योजनाएं गरीबों के लिए नहीं बल्कि इनके अपने स्वार्थों और स्वयं के परिवारों के लिए थीं। सीएम ने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान नहीं आएगी, तब तक देश विकसित नहीं हो सकता। हमारी सरकार हर निर्णय और वादों पर खरी उतर रही है।

मुख्यमंत्री ने पीएम की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे कार्यकाल में आतंकवाद के ताबूत पर अंतिम कील ठोक दी है। कश्मीर से धारा 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर के लिए विकास का द्वार खोल दिया गया है। "एक भारत श्रेष्ठ भारत" की परिकल्पना को हमारी सरकार द्वारा चरितार्थ किया जा रहा है। नारी गरिमा का सम्मान किया जा रहा है। एनआरसी की मदद से घुसपैठियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। भारत की सुरक्षा मोदी जी के नेतृत्व में पूरी तरह से सुरक्षित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ढाई साल के शासन में हमने कानून का राज स्थापित किया है। अपराधी अपने अंजाम को भुगत रहे हैं। अब कोई दंगा नहीं होता, राम लीला और कांवड़ यात्रा निर्विघ्न चल रही है। गरीबों को शौचालय और आवास बिना भेदभाव के उपलब्ध कराए जा रहे हैं। करोड़ों लोगों का राशन कार्ड बनाकर सस्ता राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए जनता का जागरूक होना बहुत जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्लास्टिक मुक्त भारत का आह्वाहन किया है। प्लास्टिक आपके स्वास्थ्य के लिए तो खतरनाक है ही साथ ही पर्यावरण के लिए भी जहर है। सीएम ने अपील करते हुए कहा कि आप सभी इस अभियान से जुड़ें और पर्यावरण को बचाएं। सीएम ने कहा कि अगर प्रदेश में एक किसान चार निराश्रित गोवंश रखता है तो जिलाधिकारी और पशु चिकित्साधिकारी द्वारा 900 रुपए प्रति पशु प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, शिक्षा में सुधार के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। हम सबकी भी एक आदर्श समाज की स्थापना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बनती है। अपने बच्चों को आदर्श सीखाएं, समाज स्वयं सुधर जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य के अंदर पहली बार ऐसे मुख्यमंत्री मिले हैं जिन्होंने अपनी कार्यशैली से अपराध, भ्रष्टाचार, दंगा-फसाद पर रोक लगा दी है। इस देश के तपस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने हाथों से स्वच्छता कर्मियों के पांव को धोकर एक अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस देश और प्रदेश के मान-सम्मान की कोई रक्षा कर सकता है तो यह मोदी जी और योगी जी ही कर सकते हैं।

इस अवसर पर जिले प्रभारी मंत्री सुरेश पासी, अनिल राजभर, वन मंत्री दारा सिंह चौहान, विधायक श्रीराम सोनकर, एमएलसी यशवंत सिंह, उपेंद्रदत्त शुक्ल, धर्मेन्द्र सिंह, कामेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय, पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर आदि ने भी जनसभा को संबोधित किया।