Breaking News

बलिया : मतदान प्रक्रिया की रहेगी पूरी जानकारी तो आसान होगा काम ,गुरुवार को दूसरे दिन दो पीठासीन समेत 20 कर्मी गैरहाजिर , बुधवार को अनुपस्थित 8 पीठासीन अधिकारियों में 6 हुए हाजिर

मतदान प्रक्रिया की रहेगी पूरी जानकारी तो आसान होगा काम

गुरुवार को दूसरे दिन दो पीठासीन समेत 20 कर्मी गैरहाजिर

बुधवार को अनुपस्थित 8 पीठासीन अधिकारियों में 6 हाजिर हुए

बलिया 9 मई 2019 : लोकसभा चुनाव में लगाए गए कार्मिकों का टाउन डिग्री कॉलेज में चल रहा प्रशिक्षण दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। इसके लिए लगाए गए ट्रेनरों ने कर्मचारियों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन मशीन के अलावा मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। दूसरे दिन भी दो पीठासीन अधिकारी समेत 20 कर्मचारी गैरहाजिर रहे। नोडल अधिकारी कार्मिक/सीडीओ बद्रीनाथ सिंह ने इन कर्मचारियों को एक बार फिर आगाह किया है कि अगले प्रशिक्षण दिनों में अनिवार्य रूप से आकर ट्रेनिंग कर लें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई के साथ एफआईआर भी होगी।
वहीं प्रशिक्षण के पहले दिन 8 पीठासीन अधिकारी अनुपस्थित थे जिसमें 6 कर्मचारी गुरुवार को हाजिर हुए और मतदान सामग्री का अपना थैला उठाया। प्रशिक्षण में कर्मचारियों को बताया गया कि चुनाव में निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। मतदान प्रक्रिया की हर जानकारी को पहले से ही स्पष्ट कर लेंगे। किसी प्रकार की कोई शंका हो गई तो उसका समाधान ट्रेनिंग में ही पूछ कर कर लेंगे। मतदान प्रक्रिया से जुड़ी बुकलेट का भी अध्ययन कर जानकारी को साफ किया जा सकता है। ट्रेनरों ने इस बात को फिर दोहराया कि वीवीपैट मशीन के रखरखाव के प्रति विशेष ध्यान देना है।

पोस्टल बैलेट से दूसरे दिन पड़े 600 वोट

बलिया 9 मई 2019: लोक सभा सामान्य निर्वाचन में ड्यूटी करने वाले मतदान कार्मिकों ने गुरुवार को भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। टाउन डिग्री कॉलेज के मनोरंजन हाल में विधान सभावार बने कैंप में दूसरे दिन कुल 600 कर्मचारियों ने अपना वोट दिया। इसमें हर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तहसील के एसडीएम और तहसीलदार भी मौजूद थे।
दूसरे दिन घोसी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रसड़ा विधानसभा में 23 मत पड़े। जबकि सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा बिल्थरारोड में 139, सिकंदरपुर में 122 और बांसडीह में 79 कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बलिया संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सदर विधानसभा में 124, फेफना में 75 और बैरिया में 38 मत पड़े। जिले की सभी विधानसभाओं को मिलाकर देखा जाए तो अब तक मतदान कार्मिकों के कुल 1080 मत पड़ चुके हैं।
------