Breaking News

बलिया : घाघरा पार के इलाके के बूथों पर पहुँचे डीएम-एसपी ,ड्यूटी कटवाने के लिए मेडिकल बोर्ड के समक्ष होना होगा प्रस्तुत



 घाघरा पार के इलाके के बूथों पर पहुँचे डीएम-एसपी





बलिया 17 अप्रैल 2019: लोकसभा चुनाव में बूथ पर हर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के प्रति जिला निर्वाचन अधिकारी भवानी सिंह खंगारौत पूरी तरह गम्भीर हैं। बुधवार को उन्होंने एसपी देवेंद्र नाथ और एसडीएम बांसडीह अन्नपूर्णा गर्ग के साथ बांसडीह क्षेत्र के घाघरा उस पार के अति संवेदनशील बूथ चक  बिलियम और दियरा भागर पर पहुँचे। चक बिलियम में शौचालय ठीक नहीं होने पर प्रधान को तत्काल शौचालय बनवाने का निर्देश दिया। वहीं अब तक यहां की मूलभूत सुविधाएं तक दुरुस्त नहीं होने और उस पर नजर नहीं जाने पर तहसीलदार बांसडीह शिवसागर दूबे से सवाल भी किया।
एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी जानकारी क्षेत्रीय थानाध्यक्ष व स्थानीय लोगों से लिया। निरीक्षण के बाद अधिकारी द्वय ग्रामीणों से मिले। उनसे अपील किया कि 19 मई को होने वाले चुनाव में वोट देकर लोकतंत्र में अपनी भूमिका दर्ज कराएं। खासकर महिलाओं से अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने को प्रेरित किया।

ड्यूटी कटवाने के लिए मेडिकल बोर्ड के समक्ष होना होगा प्रस्तुत

मेडिकली अनफिट कर्मचारियों के लिए व्यवस्था

विकास भवन सभागार में 20 अप्रैल तक बैठेगा पांच सदस्यीय बोर्ड

बलिया 17 अप्रैल 2019: लोकसभा चुनाव में लगाए गए मतदान कार्मिकों की ड्यूटी कटवाने के लिए कोई बहानेबाजी नहीं कर सकेगा। लेकिन हां, अगर मेडिकली दिक्कत से अगर कोई ड्यूटी करने में सक्षम नहीं होगा तो मेडिकल बोर्ड की संस्तुति के बाद ड्यूटी से छूट मिल जाएगी। पांच सदस्यों का मेडिकल बोर्ड विकास भवन में बुधवार से ही बैठ रहा है। यह बोर्ड 20 अप्रैल तक सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभागार में बैठकर जांच करेंगे। नोडल अधिकारी कार्मिक/सीडीओ बद्रीनाथ सिंह ने कहा है कि जो कार्मिक किसी चिकित्सकीय दिक्कत से ड्यूटी नहीं कर सकते हैं तो वह अपने आवेदन के साथ बोल के समक्ष प्रस्तुत हों। अगर मेडिकल बोर्ड संस्तुति करता है तो उनको ड्यूटी से मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया है कि बिना किसी खास कारण के किसी की ड्यूटी नहीं काटी जाएगी।
----
प्रशिक्षण के दूसरे दिन कर्मियों ने सीखी मतदान प्रक्रिया की बारीकियां

बलिया 17 अप्रैल 2019: लोकसभा चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत टीडी कालेज में दूसरे दिन बुधवार को प्रशिक्षण का दौर जारी रहा। दूसरे दिन भी कुल एक हजार कार्मिकों में 15 कर्मी अनुपस्थित रहे। इसमें 8 पीठासीन व 7 मतदान अधिकारी थे। सीडीओ बद्रीनाथ सिंह ने इनको साफ चेतावनी देते हुए कहा है कि वे आज आकर ट्रेनिंग ले लें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई होगी। कम से कम 23 तक चलने वाली ट्रेनिंग में तो जरूर शामिल हो जाएं।
प्रशिक्षण में कार्मिकों को सम्बोधित करते हुए सीडीओ श्री सिंह ने कहा कि मतदान प्रक्रिया की हर बारीकियों को सीखना जरूरी है। ट्रेनिंग के दौरान बताई जा रही बातों को ध्यान से सुनें। अगर कहीं कोई दिक्कत आ रही है तो उसे बार-बार पूछें। हर हाल में मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी पूरी स्पष्ट होनी चाहिए। मतदान के दिन शुरू से लेकर अंत तक क्या करना है और क्या नहीं करना है इसको पूरी गंभीरता से जान लें। प्रशिक्षण में दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कृष्ण कांत राय व कृषि अधिकारी विकेश कुमार पटेल ने भी सभी कमरों में जाकर मतदान प्रक्रिया से जुड़ी अहम जानकारियां सबसे साझा की।