बैरिया (बलिया) विधायक सुरेंद्र सिंह ने इस्तीफा देने की खबरों का किया खंडन , पर एससी/एसटी कानून में संशोधन का किया विरोध
बलिया 12 अगस्त 2018 ।।
भारतीय जनता पार्टी के बैरिया(बलिया) विधायक सुरेंद्र सिंह के एससी/एसटी एक्ट में संसद द्वारा पारित आदेश के खिलाफ विधान सभा की सदस्यता से त्यागपत्र की खबर मीडिया , सोशल मीडिया पर खूब छायी रही । कुछ ने तो यहां तक कह दिया कि आज विधायक सुरेंद्र सिंह मुख्यमंत्री योगी जी से मिले और एससी/एसटी कानून में संशोधन के खिलाफ अपना त्यागपत्र देकर चले आये है । यह खबर आज हर प्लेटफार्म पर टीआरपी में सबसे आगे रही । जब इसकी सच्चाई जानने के लिये बलिया एक्सप्रेस के संपादक मधुसूदन सिंह ने विधायक सुरेंद्र सिंह के मोबाइल पर कॉल की तो हकीकत सामने आयी । बैरिया विधायक श्री सिंह ने कहा कि पहली बात तो मै आज बलिया में ही हूं , पूरा दिन खपड़िया बाबा के आश्रम के कार्यक्रम में तहस तो मुख्यमंत्री जी से आज मिलने का कोई प्रश्न ही नही उठता है । जब मै मिला ही नही तो त्यागपत्र कैसे दिया । कहा कि मैंने यह जरूर बयान दिया है कि संसद में सभी दलों के नेताओ ने इस काले कानून को पास करके लोकतंत्र का गला घोटते हुए अगड़े पिछड़े वर्ग के लोगो को डर के साये में जीने को मजबूर करने का काम किये है ।पहले भी इस कानून का दुरुपयोग करके निरपराधों को जेल भेजवाने का किया जाता था , एक बार फिर पहले से ज्यादे दुरुपयोग करके इस कानून के दम पर विरोधियो को जेल भेजवाने का काम होगा । किसी भी निरपराध को , अपराधी न होने के बावजूद 6 माह जेल के अंदर रखने का कानून देश के नागरिकों के फंडामेंटल राइट्स को खत्म करना है । श्री सिंह ने कहा कि मेरा मानना है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने इस कानून के सम्बंध में जो निर्णय दिया है , संसद भी उसका सम्मान करते हुए उसी के अनुरूप कानून बनाये ।


