लकवाग्रस्त महिला की फरियाद पर डीएम ने दिखाई संवेदनशीलता, तत्काल उपलब्ध करायी व्हीलचेयर
जनसुनवाई में डीएम ने लिया त्वरित संज्ञान, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा क्लेम के निस्तारण के लिए भी दिए निर्देश
बलिया।। जनसुनवाई के दौरान जरूरतमंदों की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को एक लकवाग्रस्त महिला की मदद के लिए तत्काल कदम उठाया। आवागमन में परेशानी से जूझ रही महिला की पीड़ा को समझते हुए जिलाधिकारी ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से मौके पर ही व्हीलचेयर उपलब्ध कराई। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत लंबित क्लेम के भुगतान की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम भरवलिया, धनौती, विकास खण्ड बेरुआरबारी निवासी स्वर्गीय हरिशंकर यादव की पत्नी श्रीमती गिरिजा देवी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। लकवाग्रस्त होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत क्लेम के भुगतान में आ रही समस्या से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। महिला की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध कराई, ताकि दैनिक आवागमन में होने वाली दिक्कतों से राहत मिल सके। वहीं, बीमा क्लेम की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण हो सके।
जिलाधिकारी की इस त्वरित पहल से जरूरतमंद महिला को तत्काल सहायता मिली। यह पहल प्रशासन की जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) राजित राम गुप्ता, रेडक्रॉस सोसायटी से शैलेन्द्र पाण्डेय, इंद्रभान यादव, सुनील कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









