हर हाल में की जाएगी शिक्षामित्र के हितों की रक्षा: शिवकुमार
शिक्षामित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष का जनपद में जोरदार स्वागत
बलिया।। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ल ने कहा कि संगठन शिक्षामित्रों के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा। उनके हितों की रक्षा हर हाल में की जाएगी।
श्री शुक्ल बुधवार को अपराह्न नगर के टीडी कॉलेज चौराहा स्थित एक होटल के हॉल में जनपद के शिक्षामित्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों से ही संगठन है। ऐसे में उनके अधिकारों एवं समस्याओं को लेकर संघर्ष में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने शिक्षामित्रों की एकजुटता को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए प्रत्येक साथी को विश्वास में लेकर आगे की रणनीति तैयार करने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षामित्रों की समस्याओं को मजबूती से शासन के समक्ष उठाया जाएगा।
इससे पहले जिलाध्यक्ष पंकज सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षामित्रों ने प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। खास बात यह रही कि अल्प सूचना के बावजूद सैकड़ों शिक्षामित्र कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष सेवा संबंधी समस्याओं एवं भविष्य की अपेक्षाओं को भी रखा।
जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि जनपद के शिक्षामित्र संगठन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
इसी दौरान कार्यक्रम में पहुंचे ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सुधीर शुक्ल ने शिक्षामित्रों को शिक्षक एवं कर्मचारियों की तरह सुविधाएं दिलाने के लिए कदम उठाने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन निर्भय नारायण राय एवं श्यामनंदन मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।
शिक्षामित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व मंत्री के परिजनों को बंधाया ढाढ़स
बलिया। जनपद में आए उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ल बुधवार को पूर्वाह्न पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता स्व. रामगोविंद चौधरी के आवास पहुंचे। वहां उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाया। उनके साथ जिले के शिक्षामित्रों के अलावा संगठन के हरदोई के जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ल, सीतापुर के जिलाध्यक्ष रामसेवक पाल आदि मौजूद रहे।












