सनबीम स्कूल में छात्र छात्राओं को दी गयी पॉक्सो अधिनियम की जानकारी
डीएलएसए सचिव ने बच्चों को बताये कानूनी अधिकार
बलिया।। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक व कानूनी ज्ञान से परिपूर्ण करने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, सनबीम स्कूल, बलिया हमेशा से ही विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता सत्रों का आयोजन करता रहा है। इसी क्रम में
बुधवार को बच्चों की सुरक्षा और विधिक जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक अत्यंत महत्वपूर्ण *'पॉक्सो जागरूकता सत्र'* का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के सचिव श्री चंद्र प्रकाश तिवारी जी ने शिरकत की और छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस विस्तृत सत्र में कक्षा 6 से 12वीं तक के सैकड़ों विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह, प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह द्वारा स्मृति चिह्न तथा पुष्पगुच्छ के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।
सत्र के दौरान सचिव श्री चंद्र प्रकाश तिवारी जी ने बच्चों को 'प्रोटेक्शन ऑफ़ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफ़ेंसेस' (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को आपातकालीन स्थितियों में तुरंत मदद प्राप्त करने के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी विस्तार से समझाया। उन्होंने बहुत ही सरल और व्यावहारिक भाषा में बच्चों को समझाया कि वे किस प्रकार इस कानूनी अधिनियम के दायरे में रहकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके साथ ही, किसी भी संदिग्ध या असुरक्षित परिस्थिति उत्पन्न होने पर अपना बचाव करने और खुलकर विरोध दर्ज कराने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला गया।
यह सत्र पूरी तरह से संवादात्मक रहा। सत्र के दौरान बच्चों ने अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। सचिव महोदय ने बच्चों के सभी सवालों के बहुत ही सकारात्मक और सरल उत्तर दिए, जिससे उनकी शंकाओं का समाधान हुआ।
अंत में प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए श्री चंद्र प्रकाश तिवारी जी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि *आपने अपना बहुमूल्य समय निकालकर हमारे बच्चों का मार्गदर्शन किया। आपके द्वारा पॉक्सो अधिनियम के नियमों, बच्चों के कानूनी अधिकारों और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों पर दी गई विस्तृत जानकारी ने न केवल हमारे विद्यार्थियों को बल्कि हम सभी को बेहद जागरूक किया है।* मुझे पूरा विश्वास है कि आज के इस सत्र से हमारे बच्चों ने सुरक्षा और आत्म-बचाव के जो गुर सीखे हैं, वे उनके जीवन में हमेशा मार्गदर्शक साबित होंगे।उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन और सभी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल श्री पंकज सिंह,विद्यालय प्रशासक श्री संतोष कुमार चतुर्वेदी, हेडमिस्ट्रेस श्रीमती नीतू पांडे, डीन एकेडमिक श्रीमती शहर बानो और कोऑर्डिनेटर श्री जय प्रकाश यादव सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।









