Breaking News

शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से, 14 टेबलों पर गिने जाएंगे 43,433 मत





गोरखपुर।। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की मतगणना मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में शुरू होगी। मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार देर रात तक अधिकारियों ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। चुनाव में पड़े कुल 43,433 मतों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल पर पांच मतगणना कर्मी तैनात रहेंगे। इस तरह कुल 70 कर्मचारी मतगणना की जिम्मेदारी संभालेंगे।


मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और नगर आयुक्त अजय जैन ने सोमवार देर रात मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतगणना कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्गों तथा पार्किंग की स्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रहें और मतगणना के दौरान किसी तरह की बाधा न आने पाए।


मतगणना की शुरुआत मतपत्रों की छंटनी से होगी। इस दौरान मतपत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग किया जाएगा और उनकी वैधता की जांच होगी। इसके बाद प्रत्याशियों को मिले पहली वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। यदि पहली वरीयता के मतों के आधार पर किसी प्रत्याशी की जीत का फैसला नहीं हो पाता है, तो निर्वाचन नियमों के अनुसार दूसरी वरीयता के मतों की गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर की निगरानी में संपन्न होगी।


मतगणना केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिसर में प्रवेश नियंत्रित रहेगा, ताकि अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही रोकी जा सके। मतगणना स्थल से 200 मीटर दूर वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को तय स्थान पर खड़ा कराया जाएगा। इसके लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न हो।


मतगणना के दौरान प्रत्येक टेबल पर हर प्रत्याशी का एक प्रतिनिधि मौजूद रह सकेगा। वहीं, मतगणना स्थल के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। पत्रकारों के लिए मीडिया सेंटर की व्यवस्था की गई है, जहां से मतगणना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर समाचार संकलन किया जा सकेगा। प्रशासन का जोर मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है।


निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय राय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी और मुकुल खंडेलवाल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार और तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंगलवार को मतगणना पूरी होने के बाद आवश्यक निर्वाचन औपचारिकताएं पूरी कर परिणाम घोषित किया जाएगा।