मुझे बचा लीजिये साहब, मेरा पति.......पुलिस की तुरंत हरकत ने टाली अनहोनी
बलिया।। बांसडीह कोतवाली पुलिस की तत्परता से थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला की गलतफहमी से उसका दाम्पत्य जीवन टूटने से बच गया। गुरुवार शाम एक महिला की आयी कॉल ने इंस्पेक्टर व पुलिस को फौरन एक्शन में ला दिया। एक विवाहिता ने फोन पर कहा कि उसके पति ने घर में धारदार हथियार रखा है। रात में उसकी जान ले सकता है।उस समय इलाके में गश्त पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने महिला से पूरी बात सुनी। महिला ने बताया कि दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद पति आक्रोश में दांव लेकर घर आया है। उसे अनहोनी की आशंका है।
कुछ ही देर में महिला के पिता ने भी इंस्पेक्टर को फोन कर बेटी की सुरक्षा की गुहार लगाई। दो अलग अलग नंबरों से एक ही शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल हल्का प्रभारी को गांव भेजा। मौके से महिला के पति को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। पूछताछ में पति ने हत्या की मंशा से इनकार किया और इसे पारिवारिक विवाद बताया। इसके बाद भी पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए उसे रातभर थाने में रोके रखा, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।शुक्रवार सुबह पत्नी को भी थाने बुलाकर महिला प्रकोष्ठ के समक्ष दोनों की संयुक्त काउंसलिंग कराई गई। समझाने के बाद दोनों के बीच सुलह हो गई। इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि यह भ्रम और आपसी विवाद का मामला था, जिसे बातचीत से सुलझाकर दंपति को घर भेज दिया गया है।







