Breaking News

जेएनसीयू में शोधार्थियों के लिये आयोजित हुआ एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

 





बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया में मंगलवार को इनफार्मेशन एंड लाइब्रेरी नेटवर्क (इंफ्लिबनेट) के तत्वाधान में  ओएनओएस : एक्सेसिंग एंड यूटिलाइजिंग स्कॉलरली E- रिसोर्सेज विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सभागार में किया गया।


यह कार्यक्रम माननीय कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की प्रेरणा से एवं माननीय कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ला जी के संरक्षण में आयोजित हुआ।


कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक विश्वविद्यालय की इंफ्लिबनेट एवं  ओएनओएस की नोडल अधिकारी डॉ. सरिता पाण्डेय रहीं। तकनीकी सहयोग डॉ. शशि प्रकाश, प्राध्यापक, लाइब्रेरी साइंस द्वारा प्रदान किया गया।


डॉ. पांडेय ने प्रशिक्षण के दौरान भारत सरकार की महत्वाकांक्षी वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ओएनओएस) पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि कैसे शोधार्थी और शिक्षक ओएनओएस पोर्टल के माध्यम से विश्व के प्रतिष्ठित प्रकाशनों के हजारों उच्च गुणवत्ता वाले शोध जर्नल, ई-पुस्तकों और डेटाबेस को निःशुल्क हासिल कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान शोधार्थियों द्वारा ई-रिसोर्स के एक्सेस में आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। डॉ. सरिता पाण्डेय ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल समाधान किया, जिससे शोधार्थियों को बड़ी राहत मिली।


इस प्रशिक्षण से शोधार्थियों की शोध अभिवृत्ति, डेटाबेस साक्षरता में वृद्धि होगी और यह नैक व एपीआई के मानकों को भी सुदृढ़ करेगा।


कार्यक्रम के अंत में शोधार्थी सौरभ कुमार तिवारी ने सभी स्कॉलर्स की ओर से सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उपस्थित सभी शोधार्थियों ने फीडबैक में कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार जताया।