Breaking News

तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस चैंपियनशिप का तमिलनाडु ने जीता खिताब

 

 



सनबीम स्कूल में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुई संपन्न 

बलिया।। जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सनबीम स्कूल में *विद्यालय के पूर्व सचिव स्व. अरुण कुमार सिंह की स्मृति* में 9 सितंबर से शुरू हुए तीन दिवसीय खेल महाकुंभ यानी ‘तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस चैंपियनशिप-2026’ का आज 11 सितंबर को हर्षोल्लास और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। रिंग टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के पूर्व सचिव स्व. श्री अरुण कुमार सिंह की पावन स्मृति में किया गया था, जिसमें देश भर के 14 से 15 राज्यों से आए युवा खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।


समापन दिवस के मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत दोपहर ठीक बारह बजे अतिथियों के स्वागत और तुलसी वेदी पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक संगीत और नृत्य कार्यक्रमों ने पूरे प्रांगण में ऊर्जा भर दी। इस गरिमामयी अवसर पर रिंग टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की सचिव मनीषा रानी के साथ-साथ रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री के. आर. वी. श्यामसुंदर और फेडरेशन के संयुक्त सचिव सहित विभिन्न राज्यों से पधारे सचिवों और अध्यक्षों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्हें विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता के सफल और निष्पक्ष संचालन में अहम भूमिका निभाने वाले रेफरी व तकनीकी निर्णायकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


प्रतियोगिता के अंतिम चरण में बहुप्रतीक्षित परिणामों की घोषणा के साथ विजेताओं को ट्राफियां और पदक वितरित किए गए। कड़े मुकाबले के बाद टीम चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) तमिलनाडु की झोली में गया, जबकि शानदार प्रदर्शन करते हुए तेलंगाना और उत्तर प्रदेश की टीमों ने संयुक्त रूप से रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया। इस वर्ग में ओडिशा की टीम चौथे स्थान पर रही।

व्यक्तिगत सिंगल्स मुकाबलों के बालक वर्ग में तमिलनाडु के जी. सिद्धार्थ ने प्रथम और एस. प्रदीप कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि तेलंगाना के सिद्धार्थ तीसरे और उत्तर प्रदेश के श्रेयांश चौथे स्थान पर रहे। इसी प्रकार बालिका वर्ग के सिंगल्स में तमिलनाडु की एन. श्रवंथी ने पहला और एस. मृदुला ने दूसरा स्थान हासिल किया, तथा तेलंगाना की मश्रथ व रिशिता क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं।


डबल्स और मिक्स्ड डबल्स के रोमांचक मुकाबलों में भी देश भर के खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। बालक डबल्स में तमिलनाडु के मेलविन राज व शश्रीकुए ने बाजी मारी, उत्तर प्रदेश के शुभम जायसवाल व आदित्य दूसरे, तेलंगाना के एमडी. ताहेर व एमडी. अली तीसरे तथा ओडिशा के सूर्या व अर्नभा चौथे स्थान पर रहे। बालिका डबल्स में तमिलनाडु की शियानिका व हेन्सी प्रथम, गुजरात की ध्रुविका व तेजस्विनी द्वितीय, उत्तर प्रदेश की आयुषी व अन्या तृतीय और दिल्ली की शालिनिया व पूनम चतुर्थ स्थान पर रहीं। वहीं, मिक्स्ड डबल्स के कड़े संघर्ष में तमिलनाडु के लतीश व करिश्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, उत्तर प्रदेश के वेदांत जायसवाल व श्रेया यादव दूसरे, तेलंगाना के अनिल कुमार व संविका तीसरे और गुजरात के नेक, डोबारिया व गीत चौथे स्थान पर रहे।

समारोह के दौरान रिंग टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की सचिव मनीषा रानी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए चैंपियनशिप के नियमों, अनुशासन और निष्पक्ष खेल भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी राज्यों से पधारे खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेल को खेल की भावना से खेलने पर जोर दिया।

रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री के. आर. वी. श्यामसुंदर और संयुक्त सचिव ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि रिंग टेनिस जैसे खेल युवाओं में एकाग्रता, त्वरित निर्णय क्षमता और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सनबीम स्कूल द्वारा इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के शानदार और उच्च स्तरीय प्रबंधन की भूरी-भरी प्रशंसा की।


समापन समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप से विद्यालय प्रांगण में एक सकारात्मक और ऊर्जावान खेल वातावरण तैयार हुआ है और पूरा सनबीम परिवार सभी राज्यों से पधारने वाले अतिथियों व खिलाड़ियों के स्वागत से अभिभूत है।

विद्यालय के निदेशक एवं बलिया रिंग टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने *सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय के पूर्व सचिव स्व. श्री अरुण कुमार सिंह की पावन स्मृति में आयोजित यह ‘जूनियर नेशनल रिंग टेनिस चैंपियनशिप’ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं को जोड़ने, अनुशासन सीखने और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का एक स्वर्णिम मंच है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय आयोजन ने बलिया के खेल पटल पर एक नया इतिहास रचा है और यहां के स्थानीय विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला है।*


अंत में उन्होंने प्रतियोगिता के सफल और निष्पक्ष संचालन में सहयोग देने वाले सभी निर्णायकों, शिक्षकों और कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आधिकारिक रूप से चैंपियनशिप के समापन की घोषणा की। इस राष्ट्रीय आयोजन ने बलिया के खेल पटल पर एक नया इतिहास रचते हुए स्थानीय विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों को प्रेरणा दी है।