Breaking News

दिव्यांग अनमोल को मिली ट्राई साइकिल, मां को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने के डीएम ने दिए निर्देश

 




डीएम के निर्देश पर परियोजना निदेशक ने दिव्यांग अनमोल को दी ट्राईसाइकिल

दिव्यांग अनमोल को मिला सहारा, ट्राई साइकिल के साथ शौचालय की भी सौगात


बलिया।। जिलाधिकारी के निर्देश पर परियोजना निदेशक कल्पना मिश्रा ने विकास खंड बांसडीह के ग्राम पंचायत पिठाईच निवासी दिव्यांग अनमोल राजभर से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। 13 वर्षीय अनमोल कक्षा चार में पढ़ाई करता है और दोनों पैरों से दिव्यांग है। परियोजना निदेशक ने अनमोल की माता पूनम राजभर से उसकी दिव्यांगता के संबंध में जानकारी ली। पूनम राजभर ने बताया कि अनमोल बचपन से ही दिव्यांग है। उसके उपचार और ऑपरेशन के लिए एक बार वाराणसी ले जाकर चिकित्सकों को दिखाया गया था, लेकिन ऑपरेशन सफल नहीं हो सका। इस दौरान पूनम राजभर ने परिवार के लिए शौचालय की मांग परियोजना निदेशक के समक्ष रखी। इस पर कल्पना मिश्रा ने तत्काल आधार कार्ड उपलब्ध कराने को कहा और संबंधित सचिव को शौचालय के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर तत्काल शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


 परियोजना निदेशक ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अधिकारियों को पूनम राजभर को स्वयं सहायता समूxह से जोड़ने के भी निर्देश दिए, ताकि परिवार को आजीविका से संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर परियोजना निदेशक कल्पना मिश्रा ने दिव्यांग अनमोल राजभर को अपने हाथों से ट्राई साइकिल प्रदान की। ट्राई साइकिल पाकर अनमोल और उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी नजर आई। परियोजना निदेशक ने अनमोल को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सरकार की ओर से दिव्यांगजनों के लिए संचालित सभी पात्र सुविधाओं का लाभ उन्हें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।