Breaking News

स्व वित्तपोषित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों के शांति पूर्ण धरना को AIFUCTO के बाद FUPUCTA ने भी दिया समर्थन



AIFUCTO के बाद FUPUCTA भी मैदान में, संगठनात्मक मतभेदों से ऊपर उठकर शिक्षकों से एकजुट होने का आह्वान

लखनऊ। प्रदेश के 331 अनुदानित महाविद्यालयों में पिछले 25 वर्षों से संचालित स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों से जुड़े शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर 2 अक्टूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में प्रस्तावित शांतिपूर्ण धरने को शिक्षक संगठनों का समर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर्स ऑर्गेनाइजेशंस (AIFUCTO) के बाद अब उ.प्र. विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (FUPUCTA) ने भी AMSSA-UP के आंदोलन का खुलकर समर्थन किया है।

FUPUCTA के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान और महामंत्री डॉ. प्रदीप कुमार सिंह द्वारा 27 सितंबर 2026 को जारी समर्थन-पत्र में AMSSA द्वारा 2 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित धरने का पूर्ण समर्थन किया गया है। महासंघ ने कहा है कि स्ववित्तपोषित शिक्षकों की मांगों को उसके मांगपत्र में शामिल कर सरकार से इस प्रकार की दोहरी व्यवस्था समाप्त करने तथा विनियमीकरण अथवा यूजीसी वेतनमान की मांग की जानी चाहिए। महासंघ ने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में धरने में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की है।

वहीं, AIFUCTO के महासचिव प्रो. डॉ. अरुण कुमार ने 28 सितंबर को भेजे पत्र में आंदोलन को विद्यार्थियों के हित, शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन और न्यायपूर्ण व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय माना है। AIFUCTO ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक प्रयास के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए प्रदेश के सभी शिक्षक संगठनों और शिक्षक साथियों से संगठनात्मक मतभेदों से ऊपर उठकर सहयोग एवं सहभागिता का आह्वाहन किया।

*समर्थन से बढ़ा आंदोलन का दायरा*

दो प्रमुख शिक्षक महासंघों के समर्थन से 2 अक्टूबर के कार्यक्रम को व्यापक शिक्षक एकजुटता का स्वर मिला है। आंदोलन से जुड़े शिक्षकों का कहना है कि यह संघर्ष किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे समय से स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन और विद्यार्थियों के हित से जुड़े प्रश्नों को सामने लाने का लोकतांत्रिक प्रयास है।

AMSSA-UP की ओर से AIFUCTO और FUPUCTA के शीर्ष पदाधिकारियों सहित समर्थन देने वाले सभी शिक्षक संगठनों एवं शिक्षक साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। संगठन ने उम्मीद जताई कि शिक्षक हित और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर अधिक से अधिक शिक्षक साथी 2 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।

एक तरफ राष्ट्रीय स्तर के AIFUCTO का समर्थन और दूसरी ओर प्रदेश के विश्वविद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक महासंघ FUPUCTA की स्पष्ट सहमति ने 2 अक्टूबर के धरने को व्यापक शिक्षक समर्थन का आधार दिया है। इस की सूचना amssa up के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ सुनील कुमार ओझा ने दी है।