कोबरा से भिड़कर पालतू लैब्राडोर ने बचाई परिवार की जान, वफादारी निभाते हुए गंवाई जिंदगी
बलिया। जिले के बेल्थरा रोड क्षेत्र से इंसान और पालतू जानवर के रिश्ते को भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। एक पालतू लैब्राडोर कुत्ते ने घर में घुसने की कोशिश कर रहे जहरीले कोबरा का डटकर सामना किया और परिवार को संभावित खतरे से बचा लिया। संघर्ष के दौरान वह स्वयं भी सांप के विष का शिकार हो गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, देर रात जब परिवार अपने घर में मौजूद था, तभी एक जहरीला कोबरा घर की ओर बढ़ता दिखाई दिया। खतरा भांपते ही नौ वर्षीय लैब्राडोर 'टॉमी' सक्रिय हो गया और कोबरा से भिड़ गया। काफी देर तक चले संघर्ष में उसने सांप को घर के भीतर पहुंचने नहीं दिया। आखिरकार कोबरा मारा गया, लेकिन इस दौरान टॉमी को भी कई बार सांप ने डस लिया।
विष का असर बढ़ने पर टॉमी की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार ने अपने वफादार साथी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग टॉमी की बहादुरी व स्वामीभक्ति की सराहना कर रहे हैं।
टॉमी की यह कुर्बानी एक बार फिर यह संदेश देती है कि पालतू जानवर केवल घर की रखवाली ही नहीं करते, बल्कि संकट की घड़ी में अपने मालिक और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा देते हैं।








