सघन एड्स जागरूकता अभियान : जिला चिकित्सालय परिसर में संगोष्ठी, प्रदर्शनी एवं सघन स्वास्थ्य शिविर आयोजित
बलिया।। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के सौजन्य से सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला क्षय रोग विभाग, बलिया द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर में संगोष्ठी, प्रदर्शनी एवं सघन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को एचआईवी/एड्स, टीबी, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय, CMS डॉ. सुजीत यादव एवं ACMO डॉ. आनंद कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों का चेस्ट एक्स-रे, HIV परीक्षण, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी तथा टीबी की जांच की गई।
कार्यक्रम में शामिल युवाओं द्वारा QR कोड के माध्यम से अपना HIV Risk Assessment (जोखिम आकलन) भी किया गया। युवाओं को सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा HIV से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक लोगों तक QR कोड पहुंचाकर स्वयं अपना Risk Assessment करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ANM प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं, NCC बटालियन के कैडेट्स एवं नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अमर शहीद चेतना संस्थान द्वारा संचालित Targeted Intervention परियोजना के अंतर्गत युवाओं के लिए HIV जांच हेतु विशेष कैनोपी लगाई गई। संस्था के कार्यक्रम प्रबंधक अमरदीप विश्वकर्मा द्वारा युवाओं को HIV संक्रमण के कारणों, बचाव एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया।
ICTC काउंसलर राजीव कुमार सिंह सेंगर ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए HIV की रोकथाम, जांच एवं उपचार सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय ने अपने संबोधन में HIV/AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री के माध्यम से समुदाय तक सही स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
CPM श्री नागेंद्र पांडेय ने युवाओं को संबोधित करते हुए QR कोड के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक Risk Assessment की सुविधा पहुंचाने तथा प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं अपना Risk Assessment करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर DTO डॉ. साकेत बिहारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और टीबी एवं HIV सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ANM प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्या, DPM-NRHM, TI परियोजना का समस्त स्टाफ तथा जिला क्षय रोग विभाग से अनूप, अभिषेक, अनुज, आशीष आदि की प्रमुख उपस्थिति रही। सभी के सामूहिक सहयोग से संगोष्ठी, प्रदर्शनी एवं सघन स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन एवं समापन हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को यह संदेश दिया गया कि समय पर जांच, सही जानकारी और सुरक्षित व्यवहार HIV एवं अन्य संक्रामक रोगों से बचाव की महत्वपूर्ण कड़ी है।










