बलिया में भीषण सड़क हादसा: पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की गाड़ी से बाइक की टक्कर,बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा बताया जा रहा है घायल
बलिया।। रसड़ा में बसपा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा से लौट रहे बैरिया विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की गाड़ी चिलकहर पेट्रोल टंकी के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। उनकी गाड़ी की टक्कर सामने से आ रही मोटरसाइकिल से हो गई।
हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत होने की खबर है, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संभावित तनाव को देखते हुए पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह मौके से निकल गए। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस कप्तान को दी।
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद लौट रहे थे, तभी चिलकहर पेट्रोल टंकी के समीप यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।हादसे में एक युवक की मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है।







